जूते और चप्पल उठाकर ले गई नगर निगम की टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई बुधवार को भी जारी रही। इस दौरान निगम की टीम ने लोअर बाजार से लेकर आईएसबीटी क्रॉसिंग तक औचक निरीक्षण कर 12 तहबाजारियों का सामान जब्त किया। वहीं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में अड़ंगा डालने वाले पुलिस ने एमसी की शिकायत पर कुछ तहबाजारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
लोअर बाजार में पंसारी चौक के पास सड़क पर चप्पल सजाए बैठे तहबाजारियों ने नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाए। तहबाजारियों और नगर निगम टीम के बीच तीखी बहस हो गई। तहबाजारियों ने 15 मिनट तक नगर निगम की गाड़ी रोककर रखी। एक तहबाजारी ने नगर निगम कर्मचारी को जान से मारने की धमकी भी दे डाली। इस दौरान काफी देर तक हंगामा चलता रहा। इसके बाद नगर निगम टीम बाजार से वापस लौटी और नगर निगम प्रशासन को इसकी सूचना दी।
निगम की टीम ने लोअर बाजार से पांच, राम बाजार से तीन, सेक्टर-103 क्षेत्र से दो और आईएसबीटी क्रॉसिंग से दो तहबाजारियों का सामान जब्त किया। नगर निगम की टीम दोपहर करीब 12:30 बजे बाजार में निरीक्षण के लिए पहुंची। इस दौरान कई स्थानों पर तहबाजारी मोजे, रेनकोट, जूते और चप्पल बेचने के लिए सामान सजाकर बैठे मिले। हालांकि, पहले की तुलना में सामान की मात्रा कम नजर आई।
निगम टीम की कार्रवाई की सूचना मिलते ही कई तहबाजारियों ने अपना सामान समेट लिया और वहां से हट गए।
लोअर बाजार से गंज बाजार की ओर जाने वाले मार्ग पर भी कुछ तहबाजारी जूते और चप्पल बेच रहे थे। निगम अधिकारियों ने उन्हें सामान हटाने के लिए कहा लेकिन उन्होंने ऐसा करने से इन्कार कर दिया। इस पर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई और कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। 10 मिनट तक चली बहस के बाद भी जब तहबाजारियों ने सामान नहीं हटाया तो निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन तहबाजारियों का सामान जब्त कर वाहन में रख लिया।
सामान जब्त करने की कार्रवाई के दौरान लोअर बाजार में लोगों की भीड़ जुट गई। दुकानदार, ग्राहक और राहगीर मौके पर एकत्र हो गए जिससे कुछ समय के लिए आवाजाही भी प्रभावित रही।
नगर निगम का कहना है कि यह कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेशों के अनुपालन में की जा रही है। निगम के अनुसार, लोअर बाजार को नो-वेंडिंग जोन घोषित किया है, जहां तहबाजारी दुकानें नहीं लगा सकते। उन्हें आजीविका भवन में स्थानांतरित होना होगा, जिसका वह विरोध कर रहे हैं। ऐसे में नगर निगम को नियमानुसार कार्रवाई करनी पड़ रही है।
एसपी शिमला को भेजी है शिकायत
निगम आयुक्त सचिन कंवल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी शिमला को शिकायत दी है। इसमें निगम कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देने वाले तहबाजारियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। इसको लेकर पुलिस ने एफआईआर की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नगर निगम के अनुसार प्रदेश हाईकोर्ट के आदेश पर ही शहर के लोअर बाजार से तहबाजारियों को हटाया जा रहा है। बाजार में अतिक्रमण न हो इसके लिए रोजाना निरीक्षण भी किया जा रहा है। बावजूद इसके कई तहबाजारी नहीं मान रहे। इनमें कई तहबाजारी नेता हैं जो बार-बार सड़क पर दुकानें सजा रहे हैं।
बार-बार उल्लंघन करने पर कोर्ट में दिए जाएंगे नाम
अतिरिक्त आयुक्त भुवन शर्मा ने कहा कि निगम टीम को धमकी मिली है। इसको लेकर पुलिस में शिकायत दे दी है। उन्होंने कहा कि कोई तहबाजारी बार-बार सड़क पर सामान सजा कर अदालत के आदेशों की अवहेलना कर रहा है तो उसका नाम अब हाईकोर्ट में दिया जाएगा। निगम ने ऐसे सात तहबाजारियों के नाम सूचीबद्ध किए हैं।