शुक्रवार को प्रदेश में 191 नए लोग कोरोना पॉजिटिव मरीज आए हैं, जबकि चंबा के 49 वर्षीय व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या 1,010 पहुंच गई है।
हिमाचल प्रदेश में कोरोना फिर पांव पसारने लगा है। शुक्रवार को प्रदेश में 191 नए लोग कोरोना पॉजिटिव मरीज आए हैं, जबकि चंबा के 49 वर्षीय व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या 1,010 पहुंच गई है। एकाएक मामलों में बढ़ोतरी से सरकार की चिंताएं बढ़ गई हैं। इसको लेकर सरकार ने अलर्ट जारी किया है। अस्पतालों में 21 मरीज भर्ती हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि यह सभी डॉक्टरों की निगरानी में हैं। मई में प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या 50 से 56 थी।
विज्ञापन
अब यह आंकड़ा एक हजार पार हो गया है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि प्रदेश में सैंपलिंग बढ़ा दी है। प्रतिदिन 25 से तीन हजार के बीच लोगों के सैंपल की जांच की जा रही है। जिला चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा और शिमला में एक्टिव मरीजों की संख्या सौ से ज्यादा है। कांगड़ा जिले में 259, चंबा 125, शिमला 114, हमीरपुर 113, कुल्लू 93, मंडी 86, लाहौल-स्पीति 54, सोलन 52, सिरमौर 41, बिलासपुर 36, किन्नौर 24 और ऊना में 13 एक्टिव मरीज हैं। शुक्रवार को 110 लोगों ने कोरोना को मात दी।
चंबा में कोरोना से एक की मौत
जिला मुख्यालय के साथ लगते एक गांव में 49 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। मरीज को वीरवार को उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज लाया गया था। वह खांसी, बुखार और सांस लेने की तकलीफ सहित अन्य रोगों से पीड़ित था। एंटीजन रैपिड टेस्ट किट से जांच करने पर वह कोरोना संक्रमित पाया गया। उसके बाद उसे जिला कोविड अस्पताल में भर्ती किया गया। मरीज ने शुक्रवार सुबह दम तोड़ दिया। संवाद