इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल(आईजीएमसी) शिमला में कोरोना वायरस पॉजिटिव मरीज की मौत हो गई है। मरीज को रविवार देर रात तबीयत बिगड़ने के बाद वेंटिलेटर पर रखा गया था। लेकिन सोमवार दोपहर बाद मरीज की अस्पताल के आईसोलेशन वार्ड में मौत हो गई। आईजीएमसी के कॉलेज प्राचार्य डॉ. रजनीश पठानिया ने कोरोना वायरस से मौत की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार नालागढ़ का रहने वाला मृतक कुछ समय पहले ही अस्पताल में दाखिल किया गया था। ऑक्सीजन की कमी के चलते मरीज की सांसें चढ़ने पर डॉक्टरों ने उसे वेंटिलेटर पर रखा था। लेकिन सोमवार को इसकी की मौत हो गई। आज ही मंडी के 70 वर्षीय बुजुर्ग ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मौत के बाद आई रिपोर्ट में पॉजिटिव होने का खुलासा हुआ है। मंडी अस्पताल के मेडिकल वार्ड को सील कर दिया गया है। सीएमओ डॉ. देवेंद्र में कोरोना से मौत होने की पुष्टि की है।
वहीं, नए आए मामलों में खेल मंत्री राकेश पठानिया के नूरपुर के रहने वाले निजी सहायक, जंगलबैरी बटालियन के कमांडेंट और डीएसपी पांवटा समेत प्रदेश भर में 88 लोग पॉजिटिव आए हैं। वहीं, कोरोना ने एक ही दिन में दो लोगों की जान ले ली। मंडी के जवाहर नगर के बुजुर्ग (70) ने रविवार देर रात करीब 3 बजे दम तोड़ा, वहीं आईजीएमसी शिमला में नालागढ़ के अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना से अब तक 15 जानें जा चुकी हैं। सोलन में सोमवार को 31 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ से ही 16 मामले आए हैं। अन्य मामले अर्की, परवाणू और सोलन से हैं। मंडी जिले में सोमवार को 19 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। इनमें आठ मामले खुनागी से और अन्य 11 मामले बाहरी राज्यों से आए हैं।
सिरमौर जिले में चतुर्थ वाहिनी जंगलबैरी के कमांडेंट और डीएसपी पांवटा साहिब, माजरा पंचायत प्रधान का छोटा भाई, बेटा और बहू पॉजिटिव निकले हैं। बीते दिनों पुरुवाला पुलिस थाने के मुख्य आरक्षी के पॉजिटिव आने के बाद डीएसपी समेत अन्य पुलिस कर्मियों के सैंपल लिए गए। कमांडेंट पांवटा विश्राम गृह और पांवटा डीएसपी होम आईसोलेट थे। पुलिस हेड क्वार्टर शिमला के नारकोटिक्स विभाग के एसपी स्तर के अधिकारी किसी मामले की जांच को पांवटा विश्राम गृह में ठहरे थे। पिछले चार दिनों में 30 से अधिक लोग कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं जो मंत्री के स्वागत कार्यक्रमों में शामिल हुए थे। कमांडेंट बाताचौक और डीएसपी पांवटा घर पर ही आईसोलेट होंगे। देर रात 11 और पॉजिटिव मरीज आए हैं। इनमें 4 नाहन, 3 सुरला समेत पांवटा, बनोर, शिलाई, सतौन से एक-एक मामला है।
शिमला जिले के रामपुर खनेरी में आईटीबीपी के दो जवानों की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। कुमारसेन में मजदूर पॉजिटिव आया है। यह संस्थागत क्वारंटीन था। हमीरपुर जिले में कोरोना संक्रमण के नौ नए मामले आए हैं। इनमें पांच बड़सर चिकित्सा खंड के हैं। वहीं किन्नौर जिले के यंगपा-1 में पति और पत्नी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। बिलासपुर जिले में भी एक कोरोना पॉजिटिव मामला आया है। महाराष्ट्र से लौटा घुमारवीं का व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया है। कुल्लू जिले में दिल्ली से लौटे दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 3463 पहुंच गया है। 1215 सक्रिय मामले हैं। 2195 मरीज ठीक हो गए हैं। सोमवार को 24 और मरीज ठीक हो गए हैं। 25 राज्य के बाहर चले गए हैं।