फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus: हिमाचल में 23 मरीज, जानिए किस जिले में कितने मामले

Wed, 15 Jul 2020 12:26 AM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

हिमाचल में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को राज्य में 23 कोरोना पॉजिटिव मरीज आए हैं। चंबा में सात, बिलासपुर तीन, ऊना तीन, शिमला-कांगड़ा में दो-दो, सोलन पांच और किन्नौर में एक केस आया है। चंबा जिले में सेना और आईटीबीपी के तीन जवानों समेत सात पॉजिटिव पाए गए हैं। ये लोग केरल और रुड़की से लौटे थे। इनमें केरल से खड़ाघाट समोट लौटा सैन्य जवान, उसकी पत्नी और और दो बच्चे भी पॉजिटिव हुए हैं।  सीएमओ चंबा डाॅ. राजेश गुलेरी ने इसकी पुष्टि की है। उधर, हिमाचल के सिरमौर जिले में पांवटा का एक मजदूर चंडीगढ़ में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। संक्रमित छह जुलाई से ईएसआई अस्पताल में उपचाराधीन था। वहीं, सोलन जिले में पांच कोरोना मामले आए हैं। नालागढ़ में एक गर्भवती महिला समेत दो लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इन दोनों के सैंपल स्वास्थ्य विभाग ने रैंडम आधार पर लिए थे। जिसमें दोनों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। शाम को जिले में तीन और पॉजिटिव केस आए। जिनमें एक पुलिस कर्मी, जबकि दो अन्य बद्दी के उद्योग के कामगार हैं। कांगड़ा जिले में भी शाम को दो नए मामले आए हैं। छतरी का 23 वर्षीय युवक और 70 वर्षीय बुजुर्ग पॉजिटिव पाया गया है। दोनों पहले से कोरोना संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने से पॉजिटिव हुए हैं। संक्रमितों को कोविड केयर सेंटर डाढ़ और जोनल अस्पताल धर्मशाला शिफ्ट किया जा रहा है। डीसी राकेश प्रजापति ने मामलों की पुष्टि की है। जिले में मंगलवार को सात और मरीज ठीक हो गए हैं। शिमला जिले में भी दो कोरोना के मामले सामने आए हैं। दोनों लोग जम्मू-कश्मीर के हैं। इनमें एक सेब खरीदने आया लदानी और एक मजदूर है।

विज्ञापन


ऊना जिले से कोविड जांच के लिए भेजे सैंपलों में से तीन नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इसके अलावा दो संक्रमितों के फॉलोअप सैंपलों में से एक की रिपोर्ट पॉजिटिव और एक की निगेटिव है। संक्रमित मामलों में से पहला पॉजिटिव मामला गगरेट उपमंडल के अमलैहड़ का है। यहां 22 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव आया है। वह महाराष्ट्र के रायगढ़ से लौटा था। उसे संस्थागत क्वारन्टीन किया गया था। दूसरा पॉजिटिव मामला गगरेट उपमंडल के बेहड़ पतेहड़ का 27 वर्षीय युवक पॉजिटिव आया है। वह भी महाराष्ट्र के रायगढ़ से लौटा था। उसे संस्थागत क्वारंटीन किया था। तीसरा संक्रमित मामला गगरेट उपमंडल के गांव मावा सिंधियां का है। यहां नवागांव गुजरात से लौटा 22 वर्षीय युवक पॉजिटिव पाया गया है। उसको भी संस्थागत क्वारंटीन किया था। सीएमओ रमन शर्मा ने कहा कि जिला में संक्रमितों की संख्या 144 हो गई है। इसमें से 109 स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 35 एक्टिव मामले हैं। उन्होंने बताया कि तीनों संक्रमितों को कोविड सेंटर खड्ड में शिफ्ट किया जाएगा। किन्नौर में भी कोरोना का एक और मामला आया है। आईटीबीपी का जवान पॉजिटिव पाया गया है। 



बिलासपुर में  तीन कोरोना पॉजिटिव केस
बिलासपुर जिले में मंगलवार देर रात तीन कोरोना पॉजिटिव केस आए हैं। संक्रमितों में दो बिहार और एक दिल्ली से लौटा हैै। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश दरोच ने बताया कि चार जुलाई को बिहार से आया 31 साल का युवक बंदला हाइड्रो कॉलेज की साइट पर क्वारंटीन था। जबकि बिहार से आया 23 साल का एक अन्य युवक भी हाइड्रो कॉलेज साइट पर क्वारंटीन था। इसके अलावा दिल्ली से तीन जुलाई को आई 38 साल की महिला घुमारवीं के एक निजी होटल में संस्थागत क्वारंटीन थी। इन तीनों को इलाज के लिए कोविड केयर सेंटर चांदपुर शिफ्ट किया जा रहा है। इसके साथ ही हिमाचल में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 1308 पहुंच गया है। सक्रिय मामले 351 हैं। 933 कोरोना मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना से नौ की मौत हुई है। 13 मरीज राज्य के बाहर शिफ्ट हो गए हैं। 

विज्ञापन
विज्ञापन

सोलन के बीबीएन में आधा दर्जन उद्योग सील

कोरोना के एकदम ज्यादा मामले सामने आने के बाद औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन के आधा दर्जन उद्योग सील कर दिए गए हैं। रिगले उद्योग में एक साथ सामने आए 63 मामलों के बाद निमंत्रण रिजॉर्ट में क्वारंटीन कामगारों के लिए इसे ही कोविड सेंटर बना दिया है। एसडीएम नालागढ़ प्रशांत देष्टा ने बताया कि नालागढ़ के सारा टेक्सटाइल उद्योग, रिगले, विनसम, अरिहंत, लेमटेक सहित एक प्लास्टिक उद्योग को सील कर दिया है। विनसम उद्योग का एक हिस्सा बंद किया है, जबकि सनोक्स को अभी सील नहीं किया है। इस उद्योग में ठेकेदार सहित तीन लोग पॉजिटिव निकले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी कामगारों के टेस्ट लेने की कसरत तेज कर दी है।

साधुपुल में पार्टी कर रहे शिमला के सात युवकों पर एफआईआर
कोविड-19 के तहत जारी निर्देशों की पालना न करने पर सात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। ये युवक सोमवार रात करीब 9 बजे साधुपुल नदी के किनारे पार्टी कर रहे थे, जिसकी सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कार्रवाई को अंजाम दिया।  लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि साधुपुल नदी के किनारे कुछ युवक पार्टी कर रहे हैं। जोर से म्यूजिक भी लगाया हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची तो शिमला के सात युवकों को नदी किनारे बैठकर शराब का सेवन करते हुए पाया गया। कोविड-19 के तहत रात के समय बिना किसी कारण घर से बाहर निकलने के निर्देशों की पालना न करने पर पुलिस ने युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, मामले की पुष्टि एसपी सोलन अभिषेक यादव ने की है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें