हिमाचल में कोरोना वायरस लगातार पांव पसारता जा रहा है। सोलन जिले के विकास खंड नालागढ़ की मझौली पंचायत की एक नर्स रोपड़ में कोरोना संक्रमित पाई गई है। महिला रोपड़ (रूपनगर) के सरकारी अस्पताल में बतौर नर्स तैनात है। यहां उसकी ड्यूटी सैंपलिंग लेने में लगी थीं। बीते दिन रोपड़ में ही 13 डॉक्टरों और स्टाफ के सैंपल पॉजिटिव आ चुके हैं। हिमाचल सीमा पर ढेरोंवाल बैरियर के पास ही बेला मंदिर में महिला का ससुराल है, जबकि मायका रोपड़ के साथ लगते श्यामपुरा में है।
कोरोना महामारी के चलते किए लॉकडाउन के बीच महिला 24 और 9 मई को रोपड़ से हिमाचल अपने ससुराल आई है। बताया जा रहा है कि ढेरोंवाल बैरियर पर प्रवेश बंद होने के चलते महिला किसी चोर रास्ते से आती-जाती रही। पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए संपर्क और चोर रास्तों को सील कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत इस महिला नर्स के बारे में जानकारी हासिल कर एक टीम इसके घर भेज दी है, जहां पर परिवार के लोगों को क्वारंटीन किया गया है। विभाग ने नर्स के परिवार और संपर्क में आने वालों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजेगा।