सरकार के अनुसार 22 मार्च 2020 को जनता कर्फ्यू को देखते हुए प्रदेश में सभी प्रकार की बस सेवाएं बंद रहेंगी। वहीं, आगामी आदेशों तक 21 मार्च 2020 मध्यरात्रि से अंतरराज्यीय कांट्रेक्ट केरिज को भी बंद कर दिया जाएगा।
राज्य पथ परिवहन निगम अपनी अंतरराज्यीय बस सेवाओं के रूटों को घटाकर 10 प्रतिशत किया गया है और आपातकालीन स्थिति में केवल दिल्ली, हरिद्वार और चंडीगढ़ के लिए ही निगम की बस सेवाएं संचालित होंगी।
इसके अतिरिक्त 21 मार्च मध्यरात्रि से आगामी आदेशों तक प्रदेश के भीतर एचआरटीसी व निजी बसों के संचालन में 50 प्रतिशत कमी की गई है और किसी भी बस में क्षमता के 70 प्रतिशत से अधिक सवारियां नहीं बिठाई जाएंगी।
हिमाचल विधानसभा में सीधे वित्तीय वर्ष 2020-21 के बजट अनुमानों को पारित कर बजट सत्र स्थगित किया जा सकता है। रविवार को सर्वदलीय बैठक में इस विषय पर चर्चा हुई, जिस पर कांग्रेस ने भी सहमति जता दी है। इसके लिए बजट पारण के बाद सत्र की बैठकें स्थगित की जा सकती है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि इस बारे में कांग्रेस और माकपा से बातचीत की जा रही है। वहीं केंद्र सरकार से भी इस बारे में मंत्रणा की जानी है। वर्तमान में संसद भी चल रही है।
इस स्थिति में बजट सत्र को स्थगित किया जाना है या नहीं, इस पर रविवार को ही कोई फैसला लिया जा सकेगा। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस को बजट सत्र के पारण के बाद स्थगित करने पर कोई आपत्ति नहीं है। इस बारे में मुख्यमंत्री ने ही फैसला लेना है। वह संभवतया इस बारे में केंद्र से स्थिति स्पष्ट करेंगे। उन्होंने कहा कि सत्र चलता है तो विधानसभा को ठीक से सैनिटाइज करना जरूरी होगा। गौर हो कि ब्रेक के बाद बजट सत्र सोमवार से दोबारा शुरू होना है।
विदेश से लौटे छह संदिग्धों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। इनमें सुंदरनगर उपमंडल के दो लोग नेरचौक मेडिकल कॉलेज में रखे गए हैं।। शनिवार को खुराहल क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय एक युवक 10 मार्च को यूएई से लौटा था। वहीं, चुरढ़ का 34 वर्षीय युवक 11 मार्च को अफगानिस्तान से लौटा है।
इनके अलावा रिकांगपिओ पहुंचा आस्ट्रेलिया से आए पर्यटक को रिकांगपिओ अस्पताल में रखा है। वहीं, ऊना अस्पताल में भी दो संदिग्ध भर्ती किए गए हैं। घुमारवीं की मारसिंघी पंचायत में ओमान से साली की शादी में पहुंचा संदिग्ध भी अस्पताल में भर्ती किया है। इटली से लौटे दो संदिग्ध धर्मपुर अस्पताल में रखे गए हैं।