औद्योगिक नगरी बीबीएन में लॉकडाउन के दौरान लोगों को बड़ी दिक्कतें झेल रहे हैं। सोमवार सुबह उठते ही लोग घरों से बाहर निकलकर दूध की तलाश में निकले। लेकिन, दुकानें बंद होने के कारण छोटे बच्चों को भी दूध नसीब नहीं हुआ। इस दौरान लोग स्थानीय दूध विक्रेताओं को पीछे से आवाजें भी लगाते रहे, लेकिन उन्हें दूध नहीं मिला। बीबीएन क्षेत्र में हर दिन 42 हजार लीटर दूध पंजाब से यहां आता है।
दो दिन से दूध की सप्लाई न आने के कारण चाय के शौकीनों व बच्चों को दूध नहीं मिल सका। सबसे ज्यादा परेशानी बद्दी स्थित बसंती बाग कॉलोनी के लोगों को झेलनी पड़ी। 23 तारीख को इस कॉलोनी में एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव आया था। प्रशासन ने कॉलोनी को सील कर दिया था। इसके बाद पूरा लॉकडाउन कर दिया गया।
लोग जरूरी सामान भी नहीं खरीद पाए। इस दौरान जिला पुलिस ने समाचार पत्रों की गाड़ियों को भी प्रवेश नहीं करने दिया। समाचार पत्रों के बंडल बैरियर पर ही रखवा दिए गए। डीएसपी नवदीप सिंह ने कहा कि लोगों की सुरक्षा के लिए एहतियात बरती जा रही है। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के दौरान दूध व समाचार पत्र की गाड़ी को प्रवेश नहीं दिया गया है।