हिमाचल प्रदेश में गुरुवार को 25 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। बिलासपुर में 11, शिमला में 4, किन्नौर में 6, कांगड़ा में 2, सिरमौर चंबा में 1-1 कोरोना पॉजिटिव केस आया है। राजधानी शिमला के राम बाजार में एक ही परिवार के चार लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी पंजाब में एक शादी समारोह में गए थे। वहां से लौटने के बाद सभी होम क्वारंटीन थे।
संक्रमितों को कोविड केयर में शिफ्ट किया जा रहा है। बिलासपुर जिले में कोरोना के 11 और मामले पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें बिलासपुर सीएमओ कार्यालय के दो कर्मचारियों सहित घुमारवीं पुलिस थाना के सात जवान संक्रमित हुए हैं। वहीं झंडूता ब्लॉक के दो बुजुर्ग भी पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी लोग संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आने के बाद पॉजिटिव हुए हैं। संक्रमितों को नियमानुसार आइसोलेट किया जा रहा है।
सीएमओ बिलासपुर डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि जिला बिलासपुर में वीरवार सुबह कोरोना के 11 मामले सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि संक्रमितों में घुमारवीं पुलिस थाना के सात जवान शामिल हैं। जो संक्रमित जवान के संपर्क में आए थे। वहीं दो सीएमओ कार्यालय के कर्मचारी हैं।
इसके अलावा झंडूता ब्लॉक के संडयार गांव के दो बुजुर्गों की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। जिसमें एक 77 और एक 75 वर्षीय बुजुर्ग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उपरोक्त सभी संक्रमितों को होम क्वारंटीन किया गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इन्हें नियमों के आधार पर होम और कोविड केयर केंद्र में आइसोलेट किया जा रहा है।
किन्नौर जिले में 6 कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। उपायुक्त गोपाल चंद ने बताया कि जिले में पॉजिटिव आए सभी लोग कामगार हैं। इनको एक स्थानीय ठेकेदार प्रशासन की अनुमति पर किन्नौर लाया था। इनमें से तीन बिहार, जबकि तीन हरिद्वार से संबधित हैं। ये सभी निजी वाहनों से 26 अगस्त को किन्नौर पहुंचे थे और सभी को आईटीआई ऊरनी स्थित संस्थागत क्वांरटीन केंद्र में रखा गया था।