फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल: हमीरपुर में 100 के पार पहुंची कोरोना संक्रमितों की संख्या, प्रदेश में 15 नए मामले

Fri, 29 May 2020 11:22 PM IST
अरविन्द ठाकुर अमर उजाला नेटवर्क, धर्मशाला/हमीरपुर/ऊना
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : pixabay
विज्ञापन

हिमाचल में शुक्रवार को 14 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें छह कांगड़ा, आठ हमीरपुर और एक ऊना जिले से हैं। इसके साथ ही हमीरपुर जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 101 पहुंच गया है। चिंता की बात यह है कि दिल्ली से लौटे कांगड़ा के थुरल निवासी 75 वर्षीय बुजुर्ग भी पॉजिटिव पाए गए हैं। इन्हें 25 मई को दिल्ली से एंबुलेंस में घर लाया गया और होम क्वारंटीन किया था। 26 मई को पालमपुर अस्पताल में सैंपल लिया गया। किडनी रोगी होने के चलते उनका कई बार डायलिसिस हो चुका है। इन्हें नेरचौक मेडिकल कॉलेज शिफ्ट किया गया है। जिले में पॉजिटिव मरीजों में मुंबई के ठाणे से लौटे संस्थागत क्वारंटीन जयसिंहपुर के संधोल की महिला, थुरल और गधराण गांव के दो युवक शामिल हैं। तीनों को डाढ़ शिफ्ट किया है।

विज्ञापन


दिल्ली से लौटी जसाई गांव की होम क्वारंटीन संक्रमित महिला को धर्मशाला शिफ्ट किया है। उधर, अहमदाबाद से लौटे पति और पत्नी समेत जिला हमीरपुर में पांच और कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। नादौन के गगाल की पॉजिटिव महिला मुंबई से अपने पति और बेटी के साथ लौटी है। इसके अलावा बकारटी का युवक दिल्ली से लौटा है। महल क्षेत्र का व्यक्ति और उसकी पत्नी अहमदाबाद से लौटे हैं। पांचवां टौणी देवी क्षेत्र के टिक्करी का रहने वाला है जो राजस्थान के कोटा से अपने वाहन लेकर लौटा है।

ये सभी संस्थागत क्वारंटीन थे और इन्हें जिला कोविड-19 केयर सेंटर में शिफ्ट कर दिया है। वहीं, देर रात जिले से एक और करोना पॉजिटिव मामला सामने आया। फतेहपुर उपमंडल के 25 वर्षीय  युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। युवक रेड जोन मुंबई से ट्रेन के माध्यम से कांगड़ा में दाखिल हुआ था। इसके बाद प्रशासन ने युवक को राधा स्वामी सत्संग भवन पर संस्थागत क्वारंटीन किया था।  युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे डाढ स्थित कोविड-19 केंद्र में देर रात शिफ्ट किया गया।
विज्ञापन


शुक्रवार देर शाम को हमीरपुर में कोरोना संक्रमितों के तीन नए मामले सामने आए। तीनों लोग दिल्ली से ट्रेन से ऊना पहुंचे थे और उसके बाद हमीरपुर में पहुंचे। सुजानपुर उपमंडल के तहत आते बीड़ बगेहड़ा का 27 वर्षीय युवक और उपमंडल बड़सर के बिझड़ी कलवाल का 55 वर्षीय व्यक्ति दिल्ली से लौटने के बाद दियोटसिद्ध स्थित संस्थागत क्वारंटीन सेंटर में थे, जबकि नादौन के तहत आते गलोड नलवाई का रहने वाला 37 वर्षीय व्यक्ति भी दिल्ली से लौटा है और मेहरे में संस्थागत क्वारंटीन था। तीनों को कोविड-19 केयर सेंटर शिफ्ट कर दिया गया है।

उधर, ऊना जिले में भी देर शाम हीरां क्षेत्र का 44 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया। संक्रमित 23 मई को मुंबई से लौटा था और संस्थागत क्वारंटीन था। बताया जा रहा है कि व्यक्ति नालागढ़ तक कंपनी गाड़ी में आया। वहां से अपने भाई की गाड़ी में ऊना पहुंचा। प्रदेश में अब तक 296 मरीज आ चुके हैं। राज्य में 204 सक्रिय मामले हैं और 83 ठीक हो गए हैं। पांच की मौत हुई है। 

दिल्ली से लौटा था बुजुर्ग, संपर्क में आए परिजन व प्रधान होम क्वारंटीन

वहीं, कांगड़ा के थुरल की पंचायत वटाहण में दिल्ली से लौटे एक बुजुर्ग के कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद शुक्रवार को बटाहण पंचायत के वार्ड दो और वार्ड तीन हटनाला को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। 75 वर्षीय बुजुर्ग 25 मई को दिल्ली से एंबुलेंस में अपने घर थुरल लौटा था। 26 मई को पालमपुर अस्पताल में सैंपल लिया गया। 29 मई को रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

अब दोनों वार्डों में आवाजाही बंद कर पुलिस का कड़ा पहरा लगा दिया है। पंचायत के वार्ड नंबर एक कोतवाल लाहट और वार्ड नंबर चार मलहेड़ व साथ लगती पंचायत थुरल पंचायत के वार्ड नंबर नौ के गांव घुड को बफर जोन घोषित किया है। बुजुर्ग के परिवार को होम क्वारंटीन कर दिया है। उनके संपर्क में आए पंचायत प्रधान को भी होम क्वारंटीन किया गया है। बताया गया है कि बुजुर्ग किडनी के रोग से ग्रस्त है और उनका डायलिसिस होता है।

 उधर, एसडीएम धीरा विकास जवाल ने बताया कि पंचायत बटाहण के वार्ड नंबर दो बटाहण और वार्ड नंबर तीन हटनाला को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। कंटेनमेंट जोन में डाले गए वार्डों में 14 दिन के लिए किसी भी प्रकार की आवाजाही बंद रहेगी। लोगों को प्रशासन से हरसंभव सहायता दी जाएगी। इस दौरान थुरल के तहसीलदार सुनील चौहान, नायब तहसीलदार सुरेंद्र कुमार, कार्यालय कानूनगो सतिंदर सिंह आहलुवालिया, भवारना थाना के प्रभारी रमेश ठाकुर और थुरल पुलिस चौकी के प्रभारी जगदीश चंद मौजूद रहे।

दो साल की मासूम, उसकी मां की रिपोर्ट फिर पॉजिटिव

दो साल की बच्ची और उसकी मां की दूसरी बार रिपीट सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कोविड अस्पताल में उनका इलाज करने वाली चिकित्सीय टीम को विश्वास था कि दोनों की रिपोर्ट निगेटिव आएगी। चंबा से जांच के लिए सैंपल टांडा मेडिकल कॉलेज भेजे गए थे। वीरवार रात को सभी सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई, लेकिन दो वर्षीय मासूम और उसकी मां की रिपोर्ट पॉजिटिव ही आई है। उन्हें कोविड अस्पताल बालू से अभी छुट्टी नहीं मिलेगी। दोनों में अभी तक कोरोना से संबंधित लक्षण सामने नहीं आए हैं। पांच दिन तक उनका इलाज चलेगा।

पांच दिन बाद इनके सैंपल दोबारा टांडा मेडिकल कॉलेज भेजे जाएंगे। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने 142 सैंपल जांच को टांडा भेजे थे। इनमें 140 की रिपोर्ट निगेटिव आई। दो साल की मासूम बद्दी से लौटे अपने पिता के संपर्क में आने से संक्रमित हुई है। बच्ची के संपर्क में आने से मां संक्रमित हुई। पिता को कोविड अस्पताल से छुट्टी हो चुकी है, जबकि बच्ची और उसकी मां अभी तक संक्रमित हैं। उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश गुलेरी ने बताया कि दो साल की मासूम और उसकी मां की रिपोर्ट दोबारा पॉजिटिव आई है। चंबा से भेजे अन्य सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। पांच दिन बाद दोबारा से इनके सैंपल लिए जाएंगे।
विज्ञापन

कोरोना मामलों में हमीरपुर पहले नंबर पर

कोरोना संक्रमित मरीजों के मामले में हमीरपुर जिला 100 का आंकड़ा पार कर गया है। हमीरपुर में शुक्रवार को आठ नए पॉजिटिव केस आए हैं। कांगड़ा जिला 74 कोरोना संक्रमितों के साथ दूसरे, जबकि 32 मामलों के साथ ऊना प्रदेश में तीसरे नंबर पर है। प्रदेश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 294 है। इसमें सर्वाधिक 101 मामले अकेले हमीरपुर जिले से हैं। जिले में 21 मई से लगातार कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। सभी कोरोना संक्रमित मुंबई, राजस्थान और दिल्ली समेत अन्य राज्यों से लौटे हैं और संस्थागत क्वारंटीन हैं।

प्रदेश में 81 लोग कोरोना को मात देकर सकुशल घर भी लौटे हैं। कांगड़ा जिले में सर्वाधिक 24 मरीज ठीक हुए हैं। ऊना में 17 लोग, हमीरपुर में 13 लोग कोरोना से जंग जीते हैं। जिले में सक्रिय मामलों की संख्या 87 है। बाहरी राज्यों से हमीरपुर लौटे लोगों का आंकड़ा करीब 18 हजार है। उधर, उपायुक्त हमीरपुर हरिकेश मीणा ने कहा कि शुक्रवार को आठ नए मामले आए हैं। सभी लोग संस्थागत संगरोध में थे। इन्हें कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट किया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें