एसडीएम शहरी मंजीत शर्मा ने बताया कि रेलवे बोर्ड बिल्डिंग में आयकर विभाग का कार्यालय तथा एचपीयू समरहिल का एमबीए विभाग आगामी आदेशों तक बंद रहेगा। दोनों कार्यालयों के अधिकारियों व कर्मचारियों को घर में क्वारंटीन होने के निर्देश दिए हैं। सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में 41 पॉजिटिव केस पाए गए। सिरमौर जिले में पॉजिटिव आए 16 मामलों में 12 गोविंदगढ़ मोहल्ले के और 4 पांवटा के हैं।
शिमला के टुटू में एक ही परिवार के 5 लोग और सराहन में आईटीबीपी के चार जवान संक्रमित निकले हैं। कांगड़ा के अंब पठियार के बुजुर्ग की कोरोना से मौत के बाद उनके परिवार के 7 सदस्य पॉजिटिव आए हैं। इसके अलावा अहमदाबाद से लौटा सेना का जवान संक्रमित निकला है। मंडी में 10 लोगों को कोरोना हुआ है, इनमें एक सैनिक की 29 जुलाई को शादी थी जो स्थगित करनी पड़ी।
हमीरपुर में 6, ऊना में 10 संक्रमित हुए। बिलासपुर के गरामोड़ा अंतरराज्यीय बैरियर पर तैनात एक और पुलिस जवान समेत पांच संक्रमित हुए हैं। प्रदेश में अब तक 2176 कोरोना के मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 1198 ठीक हो चुके हैं और 949 एक्टिव केस हैं। 12 मरीजों की कोरोना जान ले चुका है।
बीबीएन में सबसे ज्यादा संक्रमित
सोलन के बीबीन में 41
शिमला में 20
सिरमौर में 16
ऊना में 10
कांगड़ा 8
मंडी में 10
हमीरपुर में 6
बिलासपुर 5
कोरोना के मामले बढ़ने के बाद रविवार को औद्योगिक क्षेत्र बद्दी, बरोटीवाला, नालागढ़ (बीबीएन) में पूर्ण लॉकडाउन रहा जबकि सभी सीमाएं भी सील कर दी गई हैं। यह लॉकडाउन मंगलवार सुबह 6:00 बजे तक लागू रहेगा। पहले दिन लोग घरों में ही रहे। कुछ लोग पैकेट बंद दूध के लिए बाहर निकले लेकिन उन्हें मायूस लौटना पड़ा। छूट के बावजूद दवा की दुकानें भी बंद रहीं।
पुलिस ने बीबीएन के समस्त बैरियरों व प्रमुख स्थानों की सीसीटीवी व ड्रोन कैमरों से निगरानी की। पुलिस जिला बद्दी ने बरोटीवाला बैरियर को पूर्णतया तार लगाकर सील कर दिया है। बद्दी बैरियर से जरूरी सामान की ही आवाजाही हो रही है। पैरा मेडिकल स्टाफ की गाड़ियों को भी छूट दी जा रही है।
नेशनल हाईवे होने के कारण जो वाहन बिलासपुर या कुल्लू जाने थे, उनको भी हिदायत देकर अनुमति दी गई। केमिस्ट एसोसिएशन के प्रधान मनोज कौशल ने बताया कि दवा की दुकानें खुली रखते तो लोग कोई न कोई बहाना बनाकर दवा लेने आ जाते। लिहाजा, दुकानों को बंद रखा गया है।