हिमाचल प्रदेश में सोमवार को 94 नए कोरोना मरीज आए हैं। सिरमौर में 30, चंबा छह, बिलासपुर छह, मंडी तीन, शिमला दो, कांगड़ा 15, सोलन 16, ऊना 12, हमीरपुर तीन, कुल्लू में एक पॉजिटिव मामला आया है। इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों का कुल आंकड़ा 5101 पहुंच गया है। 1436 सक्रिय मामले हैं। अब तक 3584 मरीज ठीक हो चुके हैं। सोमवार को 123 और मरीज ठीक हुए। कोरोना से अब तक 27 की मौत हो चुकी है। 52 मरीज राज्य के बाहर चले गए हैं।
चंबा जिले में दो मामले जुलाहकड़ी मोहल्ले, दो मामले फ्लू क्लीनिक समेत एक साठ वर्षीय बुजुर्ग, एक अन्य व्यक्ति और एक नागालैंड से भरमौर लौटा व्यक्ति शामिल है। किन्नौर जिले के पूह खंड में और तीन लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। बताया जा रहा है कि एक ही परिवार के चार सदस्यों का स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को सैंपल लिया था। इनमें से तीन लोग कोरोना पॉजिटिव जबकि व्यक्ति की रिपोर्ट निगेटिव आई है। शिमला में डीडीयू में कार्यरत एक स्वास्थ्य कार्यकर्ता समेत दो कोरोना पॉजिटिव मरीज आए हैं।
टांडा में डॉक्टर और मरीज सहित जिले में 15 पॉजिटिव
टांडा मेडिकल कॉलेज में ड्यूटी दे रही एक 26 वर्षीय महिला डॉक्टर सोमवार को संक्रमित पाई गई है। वहीं टांडा अस्पताल के सर्जरी वार्ड में भर्ती एक महिला मरीज सहित जिला कांगड़ा में कोरोना के 15 नए मामले सामने आए हैं। इसमें से आठ लोग कोरोना संक्रमित लोगों के संपर्क में आने से पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं एक व्यक्ति बिना किसी ट्रैवल हिस्ट्री के और दो सेना के जवान भी संक्रमित पाए गए हैं। एक व्यक्ति में कोरोना के लक्षण पाए गए थे। जो धर्मशाला के चील गाड़ी में एक सरकारी कॉलोनी में रहता है उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कांगड़ा में 21 लोगों ने कोरोना को मात दी है। अब जिला कांगड़ा में कोरोना के कुल 701 मामले हो चुके हैं, जिसमें 566 स्वस्थ और 130 लोगों का उपचार चल रहा है। वहीं पांच लोगों की मौत हो चुकी है।
कुल्लू में आठ वर्षीय बच्चे समेत दो पॉजिटिव मरीज आए हैं। ऊना जिले में भी हरोली, बंगाणा, अंब, घनारी आदि क्षेत्रों से 12 नए पॉजिटिव मामले आए हैं। जिले में संक्रमितों की कुल संख्या 382 हो गई है। 280 मरीज ठीक हो चुके हैं और 102 सक्रिय मामले हैं। सोलन जिले में कुल 16 में से 14 बीबीएन जबकि दो मामले सोलन से हैं। 15 सैंपलों की जांच सीआरआई कसौली आई है। एक सैंपल ट्रूनेट से पॉजिटिव आया है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता ने मामलों की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार बद्दी के नागल टिक्का और बद्दी थाना से कुल दो पुलिस कर्मी कोविड की चपेट में आए हैं। बद्दी के आकाश अस्पताल और ओमेक्स चक्कन से दो स्वास्थ्य कर्मी पॉजिटिव पाए गए हैं। धबोटा से सीधे संपर्क में तीन कोरोना पॉजिटिव हुए हैं। इसके अलावा सर्दी जुकाम से पीड़ित लोगों के लिए सैंपल में एक स्वास्थ्य कर्मी सहित दमोवाला से दो, गुल्लवाला बद्दी से एक, अमरावती से दो संक्रमित आए हैं।
सिरमौर में एक निजी क्लीनिक चलाने वाले चिकित्सक और पुरुवाला थाना के जवान सहित कुल 30 नए कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हई है। हालांकि, पहले से संक्रमित 13 लोगों ने कोरोना को मात दे दी है। नाहन और पांवटा साहिब विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों में यह मामले आए। जबकि कालाअंब और पांवटा साहिब के उद्योगों में भी कोरोना ने कहर बरपाया हुआ है। 30 संक्रमितों की पुष्टि मेडिकल कॉलेज से दो चरणों में आई रिपोर्ट में हुई। पहले चरण में 19 और दूसरे चरण में 11 लोग संक्रमित निकले। दोपहर को डॉ. वाईएस मेडिकल कॉलेज नाहन से आई 60 सैंपलों की रिपोर्ट में 19 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। सूरजपुर से सबसे ज्यादा छह और कालाअंब के ओगली में पांच लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। हमीरपुर जिले में एक सेना के जवान समेत कोरोना संक्रमण के तीन नए मामले सामने आए हैं। जबकि आठ लोग ठीक भी हुए हैं।