हिमाचल प्रदेश में रविवार को 66 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। सोलन में 27, मंडी में 11, कांगड़ा में 7, हमीरपुर में 6, शिमला में 5, सिरमौर-चंबा में 4-4 बिलासपुर में 2 मामले आए हैं। सिरमौर जिले में चार मामले आए हैं। पांवटा में तीन संक्रमित पाए गए हैं। देहरादून में उपचाराधीन व्यक्ति के पिता, मां और बहन की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एक मामला कालाअंब से है। शिमला के पांच मामलों में 3 रामपुर और 2 रोहड़ू से हैं। नेपाल से वाया हरियाणा होते हुए रोहड़ू के शलान पहुंचे दो मजदूर कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। वहीं पश्चिम बंगाल से रामपुर के डकोलड़ क्षेत्र में पहुंचे तीन मजदूर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
बिलासपुर में रविवार को दो और कोरोना के मामले सामने आए हैं। दोनों संक्रमित झंडूता के कंटेनमेंट जोन के हैं। कोरोना संक्रमित के संपर्क में आने से दोनों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों ही होम क्वारंटीन में थे। इनमें से एक 27 वर्षीय युवक व दूसरा 29 वर्षीय युवक है। दोनों ही बरठीं के संगास्वीं के हैं। दोनों को कोविड अस्पताल शिफ्ट कर दिया गया है।
औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में 22 नए मामलों के साथ सोलन जिले में 27 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। चार पुलिस कर्मियों के साथ परवाणू, कंडाघाट और बद्दी बरोटीवाला नालागढ़ के मामले शामिल हैं। क्वारंटीन और रैंडम सैंपलों से लोग पॉजिटिव आए हैं। रविवार को आए 27 मामलों में से 22 बीबीएन के हैं। इनमें बद्दी में रैंडम सैंपल से एक, नालागढ़ में संक्रमित के संपर्क में आकर पॉजिटिव हुआ एक, बद्दी में 1 एएनसी, बसंती बाग व अमरावती में पूर्व संक्रमित के संपर्क से दो, बद्दी थाना में पूर्व संक्रमित के संपर्क में आकर दो, नालागढ़ थाना में रैंडम सैंपल से एक, कन्या स्कूल नालागढ़ में 7 अंतरराज्यीय यात्री, चिकित्सकों के परामर्श पर बीबीएन के अलग-अलग क्षेत्रों से 6, नालागढ़ थाना से एक शामिल है, जबकि जिला के अन्य भागों से ईएसआई परवाणू से 2, डायरेक्ट कांटेक्ट से परवाणू में एक, कंडाघाट में एक यात्री और पाजो स्कूल सोलन में डायरेक्ट कांटेक्ट वाला एक संक्रमित हुआ है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि जिला में 27 नए मामले सामने आये हैं, जिनमें से बीबीएन के 22, परवाणू से 3, कंडाघाट और सोलन से 2 मामले शामिल हैं। कोविड अस्पताल और केंद्रों में स्थानांतरित किया जा रहा है।
एचआरटीसी उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक नादौन विजय का एक नजदीकी और एक अन्य संपर्क में आए व्यक्ति समेत हमीरपुर जिले में कोरोना के छह नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इन लोगों को उपचार के लिए जिला कोविड केयर सेंटर में भर्ती कर दिया है। वहीं, इनके प्राथमिक संपर्कों की जांच में विभाग जुट गया है।
इन छह पॉजिटिव मामलों में लेह से लौटा एक सैनिक, विशाखापट्टनम से लौटे युवक और युवती तथा सुजानपुर अस्पताल में कार्यरत एक फार्मासिस्ट भी शामिल है। फार्मासिस्ट किसके संपर्क में आने से पॉजिटिव हुई हैं, विभाग इसकी जांच में जुट गया है। उपमंडल भोरंज का लेह से लौटा सैनिक (30), विशाखापट्टनम से चंडीगढ़ वाया एयर और चंडीगढ़ से उपमंडल भोरंज पहुंचीं 29 वर्षीय युवती और बड़सर उपमंडल का 26 वर्षीय युवक पॉजिटिव निकले हैं।
हालांकि, विशाखापट्टनम से लौटे यह दोनों युवक-युवती अलग-अलग अपने घर पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि युवती जिस टैक्सी में आई है उसमें कुछ और भी सवारियां आई हैं। इसके अलावा सुजानपुर अस्पताल में कार्यरत आरबीएसके फार्मासिस्ट भी पॉजिटिव आई हैं। वहीं, एचआरटीसी उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री का एक नजदीकी और अग्निहोत्री के संपर्क में आया गलोड़ क्षेत्र का 40 वर्षीय व्यक्ति पॉजिटिव निकले हैं।
जिला मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अर्चना सोनी ने कहा कि इन्हें भर्ती कर इनके प्राथमिक संपर्कों की जांच की जा रही है। सैनिक समेत बाहर से लौटे और अग्निहोत्री के संपर्क में आए दोनों लोग गृह संगरोध में थे।
चंबा में कोरोना के मामले बढ़ने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रोजाना नए केस सामने आ रहे हैं। इससे पूरे जिले में हड़कंप मचा हुआ है। रविवार को चंबा में कोरोना के चार नए केस सामने आए हैं। इसमें एक होली में परियोजना का कर्मचारी शामिल है। इसके दो साथी पहले कोरोना संक्रमित पाए जा चुके हैं।
इसके अलावा दो अन्य लोग भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसमें एक 40 वर्षीय व्यक्ति भी शामिल है, जो कि कुछ दिन पहले बद्दी से चंबा लौटा था। इसे होम क्वारंटीन किया गया था। इसके अलावा फरीदाबाद से चंबा लौटा 29 वर्षीय युवक भी कोरोना संक्रमित पाया गया है। इसे संस्थागत क्वारंटीन केंद्र में रखा गया था। चंबा के मोहल्ला धरोग का एक व्यक्ति भी संक्रमित पाया गया है।