कोविड-19 अस्पताल में तबदील नेरचौक के लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज में अब कोई कोरोना मरीज नहीं है। अस्पताल में दाखिल दो मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें शनिवार दोपहर बाद छुट्टी दे दी गई है। इसमें एक पालमपुर कांगड़ा और दूसरा जोगिंद्रनगर गुम्मा का है। अस्पताल में अब तक 25 कोरोना रोगियों में से 24 स्वस्थ होकर घर लौटे हैं। जबकि, एक संक्रमित किडनी रोगी की मौत हो चुकी है।
दूसरी तरफ मंडी के ढांगसीधार कोविड केयर सेंटर में छह कोरोना पॉजिटिव अभी भी आइसोलेशन में है। इनमें कोरोना के कोई लक्षण नहीं है। इन्हें अस्पताल के बजाय केयर सेंटर में रखा गया है। मेडिकल कॉलेज के नोडल ऑफिसर डॉ. देवेंद्र शर्मा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में कोई भी कोरोना का एक्टिव केस नहीं है। हाई प्रोटीन डाइट और केंद्र की ओर से जारी निर्देशों की पालना की गई है। उन्होंने स्टाफ को इसके लिए बधाई दी है।