मुख्यमंत्री के साथ कांगड़ा और ऊना दौरे के दौरान सुरक्षा में तैनात एस्कॉर्ट वाहन के चालक, कांस्टेबल और तीन अन्य पुलिस कर्मी संक्रमित निकले हैं। सीएम की सुरक्षा में तैनान दोनों कर्मियों में ऊना से लौटने के बाद शिमला में कोरोना के लक्षण मिले थे। उन्हें शिमला के रिपन अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां टेस्ट के दौरान दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद सीएम की सुरक्षा में तैनात संक्रमितों में संपर्क में आए 14 कर्मियों को संस्थागत क्वारंटीन कर दिया गया है। प्राइमरी कांटेक्ट में आए चार लोगों के सैंपल भी लिए गए हैं। रात को आई रिपोर्ट में सीएम की सुरक्षा में तैनात तीन पुलिस कर्मी भी पॉजिटिव पाए गए हैं।
जिला निगरानी अफसर डॉ. राकेश भारद्वाज ने इसकी पुष्टि की है। इसके अलावा सीएम के पूरे कारकेड को सैनिटाइज कर दिया गया है। वहीं, किसी को भी बिना पास सचिवालय के भीतर जाने पर रोक लगा दी गई है। मुख्यमंत्री के कांगड़ा दौरे ने भी कोरोना का खौफ पैदा कर दिया है। बुधवार को कोरोना के जो मामले सामने आए थे, उनमें पालमपुर भाजपा मंडल के पूर्व अध्यक्ष संजीव सोनी भी शामिल हैं। सोनी के संक्रमित पाए जाने के बाद पूरे कांगड़ा जिले में हड़कंप मच गया है, क्योंकि वह पालमपुर और बैजनाथ आदि क्षेत्रों में सीएम दौरे के दौरान साथ घूमे थे।
सर्किट हाउस ऊना में रुके थे सीएम की एस्कार्ट का चालक और सुरक्षा कर्मचारी
सीएम जयराम ठाकुर की एस्कार्ट का चालक और सुरक्षा में तैनात कर्मचारी के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद जिला मुख्यालय ऊना में हड़कंप मच गया है। दोनों कोरोना संक्रमित होने से पहले ऊना जिला आए थे। इसकी सूचना मिलते ही प्रशासन भी चौकस हो गया है। दोनों ऊना के सर्किट हाउस में रुके थे। प्रशासन ने एहतियातन पूरे सर्किट हाउस को सैनिटाइज करवाया है।
संपर्क में आए अधिकारी को होम क्वारंटीन के आदेश दे दिए हैं। सीएम जयराम को नौ अगस्त को ऊना दौरे पर आना था। इसे ध्यान में रखते हुए संक्रमित चालक और सुरक्षा में तैनात कर्मी ऊना पहुंचे थे। दोनों सर्किट हाउस ऊना में रुके। दोनों के संक्रमित पाए जाने की सूचना के बाद प्रशासन ने तुरंत हरकत में आया। हेल्थ प्रोटोकोल के अनुसार काम करना शुरू कर दिया है।
इन दोनों के संपर्क में आए लोगों की सूची तैयार की जा रही है। संपर्क में आए लोगों की तलाश के बाद इनके सैंपल लिए जाएंगे। डीसी संदीप कुमार ने बताया कि मामला ध्यान में आते ही पूरे सर्किट हाउस को सैनिटाइज करवा दिया है। इसके अलावा हेल्थ प्रोटोकोल के अनुसार बाकी काम भी किए जा रहे हैं।