सोलन में कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल लेते डॉक्टर।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश में रविवार को कोरोना से तीन लोगों की आईजीएमसी शिमला में मौत हो गई, जबकि प्रदेश में 554 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। जिन तीन मरीजों की मौत हुई है, उनमें एक मंडी, दूसरा सुजानपुर और तीसरा मरीज सुंदरनगर का रहने वाला था। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे और शिमला ग्रामीण से कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर यह जानकारी शेयर की है। जिला कांगड़ा में रविवार को सबसे ज्यादा 128 पॉजिटिव मामले आए हैं। सोलन जिले में पांच विद्यार्थी, अध्यापक समेत 100 लोग कोरोना संक्रमित आए हैं।
मंडी जिले में एक निजी नर्सिंग संस्थान की 45 प्रशिक्षु नर्सों समेत 84 लोग कोरोना पॉजिटिव आए हैं। नर्सिंग संस्थान की दो छात्राएं दो दिन पहले ही संक्रमित पाई गई थीं। इसके बाद 45 और प्रशिक्षु नर्सें संक्रमित पाई गई हैं। प्रशासन ने छात्रावास को मिनी कंटेनमेंट जोन बना दिया है। हमीरपुर जिले में गलोड़ स्कूल में कार्यरत 50, 49, 50 और 45 वर्षीय चार महिलाएं संक्रमित पाई गई हैं।
| जिला |
कोरोना पॉजिटिव मामले |
| कांगड़ा |
128 |
| सोलन |
100 |
| मंडी |
84 |
| शिमला |
46 |
| हमीरपुर |
29 |
| ऊना |
22 |
| कुल्लू |
22 |
| चंबा |
21 |
| बिलासपुर |
21 |
| सिरमौर |
69 |
| लाहौल-स्पीति |
7 |
| किन्नौर |
5 |
कोविड मरीजों को टांडा मेडिकल कॉलेज में भी भर्ती करने की तैयारी
प्रदेश के अन्य जिलों की अपेक्षा कांगड़ा, चंबा और ऊना में कोरोना ने कहर बरपाया है। इन तीन जिलों से कोरोना के मरीज धर्मशाला भर्ती किए जा रहे हैं। हालत यह है कि कोविड सेंटर धर्मशाला और मेक शिफ्ट अस्पताल में मरीजों का अतिरिक्त बोझ पड़ गया है। इनमें गंभीर कोविड के 75 से ज्यादा मरीज भर्ती हो गए हैं। ऐसे में सरकार टांडा मेडिकल कॉलेज में भी इन मरीजों को भर्ती करने पर विचार कर रही है।
हालांकि, स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि ओपीडी प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। ऑपरेशनों को भी नहीं टाला जाएगा। सरकार का मानना है कि प्रदेश में 300 से अधिक कोविड सेंटर बनाए गए हैं। जैसे-जैसे मरीजों की संख्या बढ़ रही है, इन सेंटरों में मरीजों को भेजा रहा है। कुल्लू, लाहौल स्पीति, किन्नौर तीन जिलों में कोरोना के मामले कम हैं। ऐसे में यहां सेंटर बंद रखे गए हैं। प्रदेश सरकार ने डॉक्टरों की छुट्टियों पर रोक लगाई है।