हमीरपुर जिले के उपमंडल नादौन के कोरोना संक्रमित एक व्यक्ति को कोविड-19 केयर सेंटर में भर्ती करवाने के पांच दिन बाद उसकी पत्नी और तीन बेटियों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को जिले में कोरोना संक्रमण के 14 नए मामले सामने आए। जिले में संक्रमितों की संख्या 60 हो गई है। इनमें 4 लोग ठीक होकर घर लौट गए हैं। दिल्ली से लौटे गलोड़ निवासी की कोविड-19 अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। जिले में अब सक्रिय मामलों की संख्या 55 है। सभी संक्रमितों को कोविड-19 केयर सेंटर शिफ्ट किया जा रहा है। उपायुक्त हरिकेश मीणा ने कहा कि जिले में शुक्रवार को कोरोना के 14 मामले सामने आए हैं। यह सभी लोग मुंबई से लौटे हैं।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कश्मीर में संस्थागत क्वारंटीन में रखी खुंगल गांव की 44 वर्षीय महिला और उसकी 17, 15 और 11 वर्षीय तीन बेटियों में कोरोना की पुष्टि हुई है। महिला का पति मुंबई से 14 मई को परिवार सहित लौटा है। 16 मई को उनका नमूना लिया गया था। इसमें संक्रमण की पुष्टि हुई थी। यह चारों उसी व्यक्ति के प्राथमिक संपर्क थे। गलोड़ क्षेत्र के दसवीं गांव की 31 वर्षीय महिला तथा जांसु क्षेत्र के सुक्रियाह गांव का 19 वर्षीय युवक भी कश्मीर में ही संस्थागत क्वारंटीन थे।
यह दोनों भी मुंबई से लौटे हैं। जिला शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), गौना करौर में क्वारंटीन रियोरी गांव की 41 वर्षीय महिला, 21 वर्षीय युवक व उसके 78 वर्षीय दादा भी पॉजिटिव पाए गए हैं। बड़सर क्षेत्र के पाहलू गांव का 29 वर्षीय युवक भी मुंबई से अपनी गर्भवती पत्नी के साथ लौटा था। वह होम क्वारंटी में था। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाल्टी में क्वारंटीन हार (नाल्टी) गांव का 55 वर्षीय व्यक्ति एवं उसका 23 वर्षीय बेटा भी संक्रमित पाए गए हैं। ये दोनों 17 मई को मुंबई से लौटे हैं और टैक्सी चलाते हैं।