नादौन उपमंडल की ग्वालपत्थर पंचायत में गत रविवार को दो पॉजिटिव मामले आने के बाद दो पंचायतों के 8 वार्डों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। डीसी ने इन क्षेत्रों में कर्फ्यू ढील समाप्त कर दी है। ग्वालपत्थर के सभी सात वार्ड तथा हथोलपंचायत के वार्ड नंबर-1 (साई) को कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। इन क्षेत्रों में आने-जाने पर रोक रहेगी। सरकारी सेवाओं में लगे व्यक्तियों एवं वाहनों को इससे छूट रहेगी।
कर्फ्यू ढील भी समाप्त कर दी गई है। दुकानें एवं बैंक भी आगामी आदेशों तक बंद रहेंगे। लोगों को दूध, किराना, फल-सब्जियां, दवाइयां एवं रसोई गैस सिलिंडर सहित सभी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति घर-द्वार की जाएगी। कोई भी व्यक्ति न तो पैदल अथवा वाहन में बाहर निकल सकेगा। न इधर-उधर घूम-फिर सकेगा। यह आदेश तुरंत प्रभाव से लागू हो गए हैं और आगामी आदेशों तक मान्य रहेंगे