कोविड-19 के बीच मुख्य आरक्षी बनने के लिए शुरू होने वाले प्रशिक्षण में शामिल होने वाले पुलिस कर्मियों को कोविड निगेटिव रिपोर्ट लेकर जाना होगा। पुलिस मुख्यालय ने इस संबंध में सभी को निर्देश जारी कर दिए हैं। निर्देश में कहा गया है कि पीटीसी डरोह में होने वाले इस प्रशिक्षण के लिए परिसर में सिर्फ उन्हीं को प्रवेश दिया जाएगा, जिनके पास कोरोना निगेटिव रिपोर्ट होगी।
पुलिस मुख्यालय की प्रवक्ता डॉ. मोनिका ने बताया कि ट्रेनिंग के दौरान कोविड से बचने के लिए पुख्ता इंतजाम कर लिए गए हैं। पीटीसी में आरक्षी से मुख्य आरक्षी बनाने के लिए लोअर स्कूल कोर्स चलाया जाएगा। साथ ही जेल वार्डरों और पुलिस आरक्षियों के लिए भी ट्रेनिंग कोर्स का संचालन किया जाएगा। इसके अलावा एसआई के लिए अपर स्कूल कोर्स और एएसआई के लिए इंटरमीडिएट कोर्स अप्रैल महीने से शुरू किए जाएंगे। बताया कि पुलिस मुख्यालय की ओर से एक प्रस्ताव सरकार को भेजा जाएगा जिसमें ट्रेनिंग कॉलेज के विस्तार की मांग की जाएगी ताकि ज्यादा अभ्यर्थियों को बेहतर ट्रेनिंग दी जा सके।