हिमाचल में कोरोना तेजी से फैल रहा है। सोमवार को प्रदेश में 616 लोग संक्रमित हुए हैं। इससे प्रदेश में एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 2939 पहुंच गया है। कोरोना के लगातार पांव पसारने से संक्रमण दर भी 10 से बढ़कर 12 फीसदी हो गई है। सोमवार को 5071 लोगों के सैंपल लिए गए।
प्रदेश में 37 लोग अस्पतालों में भर्ती है जबकि चार कोरोना संक्रमित ठीक होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी कर दी गई। अस्पताल में भर्ती सभी मरीज डॉक्टरों की निगरानी में हैं। लगातार कोरोना के मामलों में इजाफा होने पर स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है।
लोगों से इस महामारी के प्रति लापरवाही न बरतने की अपील की गई है। जिला चंबा, कांगड़ा, शिमला और मंडी में स्थिति चिंताजनक हो गई है। इसका कारण लोगों की लापरवाही भी है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को फील्ड में जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। जिन लोगों ने कोरोना वैक्सीन नहीं लगाई है, उन्हें वैक्सीन लगाने को लेकर प्रेरित किया जा रहा है।
किस जिले में कितने मरीज
कांगड़ा 695, चंबा 417, शिमला 445, मंडी 389, हमीरपुर 206, सिरमौर 205, कुल्लू 174, सोलन 121, बिलासपुर 107, ऊना 93, किन्नौर 54 और लाहौल-स्पीति में 33 कोरोना एक्टिव मरीज हैं।