पुलिस कर्मचारियों से जानकारी लेते हुए डीएसपी पालमपुर अमित शर्मा।
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना महामारी से निपटने के लिए पालमपुर के डीएसपी और बैजनाथ की एसडीएम अपने दूध पीते बच्चे को घर छोड़कर ड्यूटी पर डटे हुए हैं। डीएसपी पालमपुर अमित शर्मा व एसडीएम बैजनाथ छवि नांटा पति-पत्नी हैं। इनकी 14 माह की बेटी है, जिसे सुबह से शाम तक घर में बिना माता और पिता के रहना पड़ रहा है।
बैजनाथ में प्रशासन की बागडोर छवि नांटा ने अपने हाथ में ले रखी है, तो डीएसपी पालमपुर अमित शर्मा थुरल से लेकर धीरा, भवारना, पंचरुखी व पालमपुर पुलिस का कार्यभार संभाल रहे हैं। दोनों की 14 माह की बेटी की देखभाल घर में डीएसपी की माता कर रही हैं। यहां तक कि शाम को घर पर पति और पत्नी के एक साथ होने पर बात करने का कम वक्त मिल रहा है। कभी एक फोन तो कभी दूसरा फोन सुनते ही समय निकल रहा है।
एसडीएम छवि नांटा का कहना है कि इस समय कोरोना की महामारी को लेकर चल रहीं परिस्थितियों में व्यस्त होना लाजिमी है। संकट की इस घड़ी में अपनी ड्यूटी का फर्ज निभाना भी जरूरी है। कहा कि इस समय उन्हें ड्यूटी सर्वोपरि है, लेकिन बेटी भी उनके जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। डीएसपी अमित शर्मा ने कहा कि कोरोना जैसी महामारी से निपटना इस समय हर नागरिक की जिम्मेदारी है। कहा कि बेटी से इस समय कम बात होती है। उनकी बेटी का इस समय पूरा जिम्मा उनकी माता के पास है।