उत्तर भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ दियोटसिद्ध में चैत्र मेले शनिवार से शुरू हो रहे हैं। इसमें लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस दौरान कोरोना वायरस से बचाव और स्क्रीनिंग के लिए मंदिर ट्रस्ट ने मंदिर परिसर में तीन हेल्थ सेंटर खोले हैं। इसके अलावा मंदिर आने वाले दोनों मुख्य मार्गों शाहतलाई और चकमोह स्थित प्रवेशद्वार पर श्रद्धालुओं की उचित तरीके से स्क्रीनिंग होगी।
विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को एयरपोर्ट पर उतरने के समय मिलना वाला मेडिकल सर्टिफिकेट साथ लाना होगा। विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं पर विशेष नजर रखी जाएगी। विदेशी श्रद्धालुओं की निगरानी के लिए विशेष टीम बनाई गई है। इसके तहत विदेशी श्रद्धालुओं के नाम, पता और मोबाइल नंबर तक की जानकारी एकत्रित की जाएगी।