जिला कुल्लू में कोरोना के खौफ का एक अजीबोगरीब मामला आया। भुंतर क्षेत्र में 22 वर्षीय युवक को कोरोना वायरस की चपेट में आने का शक हुआ और उसने पुराने पुल से ब्यास नदी में छलांग लगा दी। घटना सोमवार सुबह नौ बजे की है। युवक करीब 200 मीटर तक नदी में बह गया। आसपास के दुकानदारों को पता चला तो नदी की तरफ दौड़े और बहते युवक को हिम्मत देने लगे।
इसके बाद उसने अपने हाथ-पांव चलाए और नदी से बाहर आ गया। जब लोगों को पता चला कि युवक कोरोना वायरस होने की बात कर रहा तो वह डर के मारे दूर भागने लगे। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल हो गया है। बताया जा रहा है कि 22 वर्षीय कर्ण पुत्र वीर बहादुर निवासी नेपाल पिछले छह सालों से भुंतर में रह रहा था। युवक को शक हुआ कि उसे कोरोना हो गया है।