कोरोना वायरस के खतरे के बीच पंजाब बिजली बोर्ड की जोगिंद्रनगर में शानन स्थित 110 मेगावाट पन विद्युत परियोजना में बड़ी लापरवाही सामने आई है। परियोजना में काम करने वाले पंजाब के एक दर्जन से अधिक अधिकारी और कर्मचारी अवकाश के बाद लौट आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के आदेशों को दरकिनार कर विद्युत उत्पादन के कार्य में जुटे हुए हैं। उधर, मामला सामने आने के बाद आनन फानन में सोमवार को इसकी जानकारी प्रशासन को दी गई और सभी को होम क्वारंटाइन की हिदायत जारी की गई है।
इससे परियोजना के भीतर काम करने वाले करीब डेढ़ सौ कर्मचारियों में हड़कंप मच चुका है। यही नहीं पावर हाउस के नजदीक रहने वाले रिहायशी कॉलोनी के दर्जनों परिवार भी खौफजदा हैं। कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग की एडवायजरी को ताक में रखकर पंजाब राज्य को लाभ पहुंचाने वाले इन बेपरवाह अधिकारियों पर स्थानीय प्रशासन भी अंजान रहा और करीब दो सप्ताह बाद सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमें हरकत में आई तथा परियोजना में पहुंचे पंजाब राज्य के अधिकारी और कर्मचारियों का स्वास्थ्य जांच कर उन्हें होम क्वारंटाइन की हिदायत दी है।