रुल्दुभट्ठा से मंदिर गया था परिवार, लौटे तो हो चुकी थी चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी शिमला में चोरी की आए दिन होने वाली घटनाओं से शहरवासी खौफजदा हैं। अब जाखू क्षेत्र में कैबिनेट मंत्री के निजी आवास के पास बन रहे होटल से चोर तांबे के तार चुराकर ले गए हैं।
यह तार होटल में एसी के लिए बिछाए गए थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है। सदर पुलिस स्टेशन में दी शिकायत में होली लॉज में बतौर चौकीदार सेवाएं देने वाले सुनील ने बताया कि उन्हें होटल की देखरेख का जिम्मा सौंपा है। 10 अप्रैल की सुबह करीब 9:30 बजे तक वह पहुंचा तो उसने देखा कि होटल की प्रथम मंजिल की भीतरी दीवारों में एसी के लिए बिछाए गए तांबे के तारों को काटकर अज्ञात लोगों ने चुरा लिया है।
उन्होंने बताया कि तार काफी कीमती हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस चोरों का पता लगाने के लिए क्षेत्र के सीसीटीवी खंगाल रही है। इसके अलावा संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
दूसरा मामला लक्कड़ बाजार के रुल्दुभट्ठा क्षेत्र का बताया जा रहा है। यहां पर एक घर से चोरों ने सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर लिए हैं। घटना उस समय की है जब परिवार के सदस्य कालीबाड़ी मंदिर गए हुए थे। पुलिस को दी शिकायत में अंजलि ने बताया कि वह सुबह के समय अपने पति और माता के साथ कालीबाड़ी मंदिर गई थीं। दोपहर तीन बजे के करीब जब घर पहुंचे तो देखा कि घर का दरवाजा खुला हुआ था और जिस लकड़ी पर कुंडा लगता था वह टूटा हुआ था। परिवार घर में भीतर पहुंचा तो अलमारी खुली थी और सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि घर से चांदी की पायलें और सोने का मंगलसूत्र तथा अन्य आभूषण गायब थे। चोर आर्टिफिशियल गहनों को घर में ही छोड़कर चले गए थे। उन्होंने मामले की सूचना लक्कड़ बाजार पुलिस चौकी को दी। पुलिस की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया और वीडियोग्राफी भी की।
गाड़ी से मोबाइल और नगदी ले गए चोर
लक्कड़ बाजार क्षेत्र में ही ऑकलैंड टनल के पास गाड़ी की स्टि्रप निकालकर उसमें रखे दो मोबाइल और नगदी चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस को दी शिकायत में अंशुल ने बताया कि वह ऑकलैंड टनल के पास परीक्षा केंद्र में पेपर देने के लिए आया था। इस दौरान उन्होंने अपनी गाड़ी परीक्षा केंद्र से कुछ दूरी पर खड़ी की थी। गाड़ी में ही आईफोन और एक अन्य मोबाइल बैग में रखा था। वह परीक्षा देकर लौटे तो गाड़ी से मोबाइल और 2000 रुपये की नगदी चोरी हो गई थी। इसके बाद उन्होंने मामले की सूचना पुलिस में दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।