राज्यसभा चुनाव 2018 के सफल संचालन के लिए निर्वाचन विभाग तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है। राज्यसभा चुनाव 2018 के संचालन से जुड़ी शिकायतों को प्राप्त करने के लिए प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में एक नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है।
राज्य निर्वाचन विभाग के एक प्रवक्ता ने कहा कि नियंत्रण कक्ष में मत प्राप्त करने के उद्देश्य से मतदाता पर अवांछित प्रभाव डालना अथवा धन या अन्य प्रलोभन, किसी भी प्रकार की धमकी, मतदाताओं को मतदान के लिए किसी प्रकार का दबाव आदि के संबंध में शिकायत की जा सकती है।
इसके अलावा मत लाभ के लिए सरकारी तंत्र का दुरुपयोग, मतदान की निष्पक्षता को प्रभावित करने के लिए संबंधित चुनाव, पुलिस अधिकारियों का पक्षपाती दृष्टिकोण व व्यवहार इत्यादि के संबंध में शिकायतें दर्ज करवाई जा सकती हैं।
शिकायतकर्ता नियंत्रण कक्ष के नंबर 0177-2624624 तथा फैक्स 0177- 2625584 पर नियंत्रण कक्ष के प्रभारी अधिकारी हरबंस लाल धीमान को शिकायत नोट करा सकते हैं।