पीटीए संघ के अध्यक्ष बोविल ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री से मांग की गई कि शिक्षकों को नियमितीकरण से कम कुछ भी मंजूर नहीं है। सरकार से पीटीए शिक्षकों को सशर्त नियमित करने की मांग की।
उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि 5500 से अधिक शिक्षक बीते कई सालों से सेवाएं दे रहे हैं। सरकार को अब फैसला लेना चाहिए। कोर्ट में मामला विचाराधीन होने के नाम पर अफसरशाही सरकार को गुमराह कर रही है।
अगर कोर्ट में कोई मामला है तो सरकार एसएमसी से शिक्षक भर्ती कैसे कर सकती है। इस अवसर पर राजकीय अध्यापक संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र चौहान, शिक्षक महासंघ के अध्यक्ष डॉ. प्रेम सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ हुई शिक्षकों की बैठक में आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर भी मौजूद रहे। अनुबंध शिक्षक संघ (पीटीए) के महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष मधुबाला भंडारी मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर की बेटी हैं।
बाधित रहा ट्रैफिक, वाहनों की लगी लंबी कतार
शिक्षकों के प्रदर्शन के चलते छोटा शिमला में साढ़े तीन घंटों तक ट्रैफिक बाधित रहा। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे से शिक्षक छोटा शिमला डाकघर के पास जुटना शुरू हुए। 11:50 पर शिक्षक पुलिस थाना के बाहर पहुंच गए।
आर्म्सडेल होकर आया मुख्यमंत्री का काफिला
हजारों की संख्या में सड़क पर उतरे शिक्षकों के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। प्रदर्शन के चलते मुख्यमंत्री का काफिला ओकओवर से पुलिस थाना होते हुए सचिवालय नहीं आया। आर्म्सडेल भवन होते हुए सीएम की गाड़ी को सचिवालय तक लाया गया।