कांग्रेस के अग्रणी संगठन सेवादल की महिलाएं और युवा कार्यकर्ता जल्द नए गणवेश में नजर आएंगे। सेवादल के युवा कार्यकर्ता नीली जींस और सफेद टी शर्ट और महिला कार्यकर्ता नीली सलवार, सफेद कुर्ता और नीले दुपट्टे में दिखेंगी। यह बात बीते दिनों रामपुर में प्रदेश कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने कही। उन्होंने कहा कि संगठन की स्थापना एक जनवरी, 1924 को हिंदुस्तानी सेवादल के नाम से हुई थी। कांग्रेस कार्यसमिति ने बदलकर इसे वर्ष 1931 में सेवादल कर दिया था। सेवादल की स्थापना का उद्देश्य सामाजिक जीवन में सेवाभाव को बढ़ावा देना था। आजादी के दौर में गांधी टोपी सेवादल की पहचान थी। आजादी के बाद भी कई बड़े नेता सेवा दल से निकले।
सेवादल संगठन में महिला और युवा कार्यकर्ताओं के गणवेश में फेरबदल करने का लंबे समय से विचार चल रहा था। सेवादल के युवा कार्यकर्ता अब टीशर्ट जींस और स्पोर्ट्स टोपी में नजर आएंगे। महिला कार्यकर्ताओं की ड्रेस में भी बदलाव किया जाएगा। महिला कार्यकर्ता नीली सलवार, सफेद कमीज और नीले दुपट्टे में नजर आएंगी। सेवादल के पुरुष कार्यकर्ताओं के ड्रेसकोड में कोई फेरबदल नहीं किया जाएगा। अनुराग ने कहा कि सेवादल प्रदेश में सद्भावना यात्रा के तहत प्रदेश के 68 विधानसभा क्षेत्रों में जाकर लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रहा है। यह सद्भावना यात्रा 9 सितंबर को धर्मशाला में समाप्त होगी।