नीट पेपर लीक मामले में हो रहे आंदोलन में शामिल होने नई दिल्ली जाएंगे : नेगी
बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि उन्हें समय लगा तो वह भी नई दिल्ली में नीट पेपर लीक होने के मामले में हो रहे आंदोलन में शामिल होने नई दिल्ली जाएंगे। उन्होंने युवाओं पर हुए लाठीचार्ज को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि युवा शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन पर लाठियां बरसाईं। कई युवा घायल हुए। नेगी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है। बीते दो दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन और फ्लैश फ्लड की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि जहां-जहां सड़कें बंद हुई हैं, उन्हें बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। जल्द ही यातायात बहाल कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार तानाशाहीपूर्ण रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा कि वह देश के युवाओं के समर्थन में खड़े हैं और मौका मिलने पर उनके समर्थन में दिल्ली भी जाएंगे।
लोकतंत्र का गला घोंट रही है केंद्र सरकार : राठौर
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और ठियोग से विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि देश में लोकतांत्रिक अधिकारों का खुला दमन किया जा रहा है और युवाओं की आवाज को पुलिस के बल पर दबाने की कोशिश हो रही है। देशभर में पेपर लीक की घटनाओं से करोड़ों छात्रों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है। छात्र न्याय और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली की मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय सरकार उन पर लाठीचार्ज करवा रही है। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र नहीं, बल्कि तानाशाही की निशानी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी छात्रों के समर्थन में शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उन्हें हिरासत में लेकर केंद्र सरकार ने अपनी लोकतंत्र विरोधी मानसिकता उजागर कर दी है। सरकार जनता के सवालों का जवाब देने से बच रही है और विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए पुलिस का सहारा ले रही है।