हिमाचल सरकार और संगठन में अब पथ यात्रा पर ठन गई है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से सोमवार को सवाल किया गया तो वह बोले कि कौन इस पथ यात्रा को कर रहा है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी इस पथ यात्रा को मंगलवार को हिमाचल के सभी जिलों और ब्लॉकों में शुरू करने जा रही है। राज्य विधानसभा परिसर में पत्रकारों ने जब मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से इस पथ यात्रा को लेकर पूछा तो वे बोले - मैं तो आपसे ही सुन रहा हूं।
इस पर जब सीएम वीरभद्र सिंह से सवाल किया गया कि जिस तरह से कांग्रेस सरकार और संगठन में तालमेल की कमी चल रही है, उससे क्या ये नहीं लग रहा है कि इसका विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा इश्यू बनाएगी? इसके जवाब में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह बोले कि ऐसा कोई इश्यू नहीं बनेगा। पार्टी को भी जनांदोलन करना चाहिए।
सीएम को अवगत करवाया गया था : सुक्खू
प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि पथ यात्रा का फैसला प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक में लिया गया था। रथ यात्रा के खिलाफ यह पथ यात्रा कांग्रेस सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों और विधायकों की उपस्थिति में तय की गई है। इस संबंध में सीएम को भी अवगत करवाया गया था। हो सकता है कि उन्हें याद न रहा हो।
पथयात्रा के समापन पर आएंगे राहुल गांधी
सूबे में राजनीति का पारा धीरे-धीरे चढ़ने लगा है। जैसे-जैसे विधानसभा चुनावों का समय नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे कांग्रेस और भाजपा का शीर्ष नेतृत्व हिमाचल की ओर जनसभा करने के लिए आ रहा है। एक ओर भाजपा की रथयात्रा में जहां देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने शिरकत की, दूसरी ओर कांग्रेस आज से पूरे प्रदेश में पथयात्रा शुरू करेगी।
पहले चरण में 18 से 25 जुलाई, दूसरे चरण में पहली से सात अगस्त और अंतिम चरण में 15 से 21 अगस्त तक पथयात्रा निकाली जाएगी। इसका समापन 21 अगस्त को हमीरपुर में होगा। इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी शिरकत करेंगे। मंडी जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा कि हमीरपुर में पथयात्रा के समापन पर राहुल गांधी का बतौर मुख्यातिथि आना प्रस्तावित है।