हिमाचल में आचार संहिता लगते ही भाजपा और कांग्रेस में टिकट आवंटन को लेकर माथापच्ची शुरू हो गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जिला कमेटियों से हर हलके से तीन-तीन दावेदारों के नाम मांगे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू ने ब्लॉक और जिला कमेटियों से 14 और 15 अक्तूबर को बैठक कर प्रत्याशियों के नाम शॉर्ट लिस्ट करने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग के चेयरमैन नरेश चौहान ने कहा कि 14 अक्तूबर को ब्लॉक स्तर पर आवेदनों की छंटनी होगी।
जहां दस से अधिक आवेदन आए हैं, वहां से सात मजबूत दावेदारों के नाम जिला कमेटी को भेजने होंगे। इसी तरह जहां आवेदन 10 से कम हैं, वहां से टिकट के पांच दावेदारों के नाम डीसीसी को शनिवार 14 अक्तूबर को शाम सात बजे तक भेजने होंगे।
जिला कमेटी इस दिन फाइनल करेगी नाम
15 अक्तूबर को जिला कमेटियां वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति में सर्वसम्मति से तीन-तीन मजबूत दावेदारों के नाम का पैनल बनाकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजेंगी। ब्लॉक और जिला कांग्रेस कमेटियों की बैठकों में आवेदनों की छंटनी में कोई खानापूर्ति नहीं चलेगी।
पार्टी की ओर से हर ब्लॉक और जिले में पर्यवेक्षक की ड्यूटी लगा दी गई है। यह निर्धारित समय पर पैनल कांग्रेस मुख्यालय को भिजवाएंगे। इन पैनल को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पार्टी हाईकमान के समक्ष टिकट आवंटन के लिए प्रस्तुत करेंगे।
लिस्ट लेकर दिल्ली रवाना होंगे सीएम
हिमाचल में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवारों के टिकट फाइनल करने के लिए आल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने स्क्रीनिंग कमेटी गठित कर दी है। राजस्थान के पूर्व सांसद जितेंद्र सिंह को कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है, जबकि पंजाब के विधायक विजय इंद्र सिंह और असम के सांसद गौरव गोगई को सदस्य बनाया गया है।
कमेटी ने शुक्रवार को ही अपना काम शुरू कर दिया है। हिमाचल कांग्रेस पार्टी ने प्रत्याशियों की लिस्ट तैयार कर दी है। सूत्र बताते हैं कि पुराने अधिकांश विधायकों के नाम लिस्ट में शामिल है।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह शनिवार को लिस्ट लेकर दिल्ली जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोपहर बाद उनकी स्क्रीनिंग कमेटी के साथ बैठक होगी। इसमें प्रत्याशियों के नाम पर चर्चा की जाएगी।
इन दिन जारी हो सकती है पहली लिस्ट
पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू शुक्रवार को नादौन से ही दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। मुख्यमंत्री और पार्टी प्रदेशाध्यक्ष इस कमेटी के साथ टिकटों पर मंथन करेगी। प्रदेश महासचिव नरेश चौहान ने बताया कि पार्टी प्रदेश अध्यक्ष दिल्ली रवाना हो गए हैं, जबकि मुख्यमंत्री शनिवार को दिल्ली रवाना होंगे।
कांग्रेस पार्टी शनिवार को देररात अपने प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर सकता है। इसके चलते मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और पार्टी प्रदेशाध्यक्ष को दिल्ली बैठक में बुलाया गया है।