घुमारवीं के विधायक एवं पूर्व सीपीएस राजेश धर्माणी ने कहा कि मंत्रिमंडल में सभी विधायकों को जगह मिले, यह संभव नहीं है। कैबिनेट विस्तार पर मुहर लगने से पहले समाचार पत्रों में उनके मंत्री बनने की खबरें प्रकाशित होती रहीं। मंत्री न बन पाने से कार्यकर्ताओं ने अपनी आशा के अनुरूप विचार व्यक्त किए हैं। मेरे लिए मंत्री पद महत्वपूर्ण नहीं है। उन्होंने कहा कि मेरा मकसद विकास करना है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और सभी मंत्रिमंडल के सहयोग से विकास किया जाएगा। पुराने विकास कार्य को रुकने नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि सुक्खू के नेतृत्व में अगले पांच वर्ष एकजुट होकर कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष सुक्खू के नेतृत्व में कार्य करते हुए गुजारा है। 1990 में एनएसयूआई कार्यकर्ता के रूप में और युवा कांग्रेस के कई पदों पर सुक्खू के साथ कार्य किया है। इसके अतिरिक्त विद्या स्टोक्स, वीरभद्र सिंह व प्रतिभा सिंह के साथ कार्य किया है। घुमारवीं की जनता ने मुझे दोबारा कार्य करने का मौका दिया है। मेरी प्राथमिकता है कि लोगों ने जो जिम्मेवारी सौंपी है, उसे ईमानदारी से निभाया जाए।