विधायक ने कहा कि भाजपा का हरेक कार्यकर्ता जीत के लिए काम कर रहा था, लेकिन कांग्रेस के शीर्ष नेता अपनों के ही टिकट काटने में लगे थे। इसी बीच, पार्टी के महासचिव सुनील बिट्टू ने कहा है कि वीरभद्र की ओर से सुक्खू के खिलाफ बार-बार बयानबाजी करना गलत है।
वह वीरभद्र का आदर करते हैं, लेकिन तर्कहीन बयानबाजी पार्टी को नुकसान पहुंचा रही है। उन्होंने आग्रह किया कि वह गिले-शिकवे बंद कमरे में सुलझाएं। उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा है कि इस मामले में अभी मैं कोई कमेंट नहीं करूंगा।
पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर टिप्पणियां करने वाले पूर्व सीपीएस व कांग्रेस नेता नीरज भारती ने लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
फेसबुक पर पोस्ट डालकर पूर्व सांसद चंद्रकुमार के पुत्र नीरज भारती ने लिखा कि पार्टी कार्यकर्ता गांधी परिवार की अंध भक्ति छोड़ कांग्रेस को मजबूत करें। भाजपा को जीत पर बधाई देते लिखा है कि कांग्रेस मेरे खून में है और हमेशा रहेगी।
लेकिन अब कभी भाजपा के खिलाफ सोशल मीडिया में पोस्ट नहीं डालूंगा। भारती ने पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा पर भी निशाना साधा। बोले, सुधीर अगर धर्मशाला से उपचुनाव लड़े तो उनका विरोध करूंगा। भारती ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता भी छोड़ने की बात लिखी है।