आईजीएमसी अस्पताल में जिला शिमला के एक कांग्रेस नेता की सिक्योरिटी गार्ड ने डंडे से पिटाई कर दी। वह अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में जबरन दाखिल होना चाह रहे थे। सिक्योरिटी गार्ड ने उन्हें रोका तो वह गाली गलौज पर उतर आए।
कांग्रेस नेता होने का रौब भी झाड़ा। जब नेता नहीं माने तो तो सिक्योरिटी गार्ड ने डंडा चला दिया। काफी देर तक आईजीएमसी गेट पर हंगामा होता रहा। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी का मेडिकल करवाया।
लक्कड़ बाजार पुलिस चौकी ने कार्रवाई की। कांग्रेस नेता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण के एक बड़े पदाधिकारी बताए जा रहे हैं। शनिवार रात करीब पौने दस बजे यह अपने कुछ लोगों के साथ आईजीएमसी अस्पताल पहुंचे।
आपातकालीन वार्ड में इनका कोई परिचित दाखिल था। जब वह आपातकालीन वार्ड के गेट पर पहुंचे तो वहां खड़े गार्ड ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। उन्होंने कहा कि मरीज से मिलना है। इस बात पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
सिक्योरिटी गार्ड ने उन पर डंडे बरसाने शुरू कर दिए। दूसरे सिक्योरिटी गार्ड भी पहुंच गए और नेता को गेट के बाहर ले गए। नेता को समझाया लेकिन वह इस बात पर अड़े थे कि उन्हें क्यों मारा।
क्या मैं बीजेपी का बंदा हूं। डीएसपी सिटी बलबीर सिंह ने कहा कि सूचना के बाद लक्कड़ बाजार पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी का मेडिकल करवाकर कार्रवाई की गई है।
सिक्योरिटी गार्ड का कहना है कि कांग्रेस नेता ने वार्ड में जबरन घुसने की कोशिश की। उन्हें रोका गया तो गाली गलौज की। मजबूर होकर उन्हें डंडे के बल पर वहां से बाहर निकालना पड़ा।
आईजीएमसी के वरिष्ठ एमएस डा. रमेश ने कहा कि वह सोमवार को मामले की जानकारी लेंगे। उसी के बाद कुछ कहा जा सकता है।