कांग्रेस जांच कमेटी 17 जून को प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर को रिपोर्ट सौंपेगी। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ सोशल मीडिया में पार्टी अनुशासन को ताक में रखकर आपत्तिजनक बयानबाजी करने के मामले की जांच को यह चार सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। कमेटी ने अपनी रिपोर्ट को अंतिम रूप दे दिया है। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर पार्टी के चार पदाधिकारियों को नोटिस जारी किए जाएंगे।
विज्ञापन
सूत्रों से मालूम हुआ है कि हाईकमान के कड़े फरमानों के बाद राठौर ने जांच कमेटी गठित की थी। इस कमेटी को उन पदाधिकारियों के खिलाफ जांच का जिम्मा सौंपा गया था, जिन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को निशाना बनाते हुए आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। इस जांच कमेटी ने इन पदाधिकारियों के सोशल मीडिया में दिए बयानों को सबूतों के तौर पर जुटाकर जांच पूरी कर ली है।