पर्यावरण संरक्षण को लेकर रोहतांग के बाद अब लाहौल घाटी में भी एनजीटी का डंडा चला है। एनजीटी के निर्देश पर पर्यटन विभाग ने लाहौल घाटी में बिना पंजीकरण संचालित हो रहे होटलों और कैंपों पर शिकंजा कस दिया है। दो दिन पहले ही जिला पर्यटन विभाग ने घाटी के 110 होटलों, गेस्ट हाउसों और कैंपों को नोटिस जारी किया है, जो अभी तक राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से बिना एनओसी लिए संचालित हो रहे हैं।
ऐसे तमाम पर्यटन संस्थान टूरिज्म विभाग में पंजीकृत भी नहीं हैं। लिहाजा, एनजीटी के निर्देश पर अमल करते हुए पर्यटन विभाग ने ऐसे होटलों और कैंपों को नोटिस जारी कर जल्द पंजीकरण करने को कहा है। रोहतांग टनल के बाद लाहौल घाटी में पर्यटन कारोबार बढ़ने की संभावना है। ऐसे में घाटी में अभी से बड़े पैमाने पर होटल निर्माण के साथ टूरिस्ट कैंपों का संचालन हो रहा है।
जिला पर्यटन अधिकारी एवं एसडीएम केलांग अमर नेगी ने बिना पंजीकरण चल रहे होटलों और कैंपों को नोटिस जारी करने की पुष्टि की है। अमर नेगी ने बताया कि बिना पंजीकृत होटलों और कैंपों में ठहरे सैलानियों के साथ अगर कोई अनहोनी हो जाए तो कोई क्लेम नहीं मिलेगा, जबकि ऐसे पर्यटन संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। जिला पर्यटन अधिकारी अमर नेगी ने घाटी आने वाले सैलानियों से अपील की है कि किसी होटल या कैंप में ठहरने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि उक्त संस्थान पंजीकृत हैं या नहीं।
विभाग के सूत्रों की मानें तो लाहौल-स्पीति के सरचू और चंद्रताल इलाके में दर्जनों गैर पंजीकृत टूरिस्ट कैंपों का संचालन पिछले कई सालों से हो रहा है। अमर नेगी ने बताया कि लाहौल में केवल पांच टूरिस्ट कैंप अभी तक पंजीकृत हैं, जिनमें गौशाल के दो, एक सिस्सू, एक डिंफुक और एक तेलिंग में पंजीकृत टूरिस्ट कैंप चल रहे हैं। जबकि लाहौल में संचालित 102 होटलों और गेस्ट हाउसों में से महज 29 संस्थान ही पर्यटन विभाग में पंजीकृत हैं।