बढ़ती महंगाई को लेकर भारत बंद के आह्वान पर हिमाचल कांग्रेस ने सोमवार को राजधानी शिमला में दो घंटे चक्का जाम किया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन से मालरोड तक जुलूस निकाला। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला भी जलाया गया और केंद्र सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की गई।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल एआईसीसी की ओर से शिमला पहुंची थीं। उन्होंने कहा कि महंगाई के त्रस्त जनता को राहत दिलाने के लिए धारा 144 तोड़ी गई। कांग्रेस सह प्रभारी गुरकीरत कोटली, मंडी और सांसद रंजीत रंजन धर्मशाला में मौजूद रहीं।
शिमला में रजनी पाटिल के साथ पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू, नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री सहित कांग्रेस विधायक, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मोर्चा संभाले रहे। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेश कांग्रेस ने महंगाई के विरोध में राज्य में बंद रखा। हर जिला और ब्लॉक मुख्यालय पर आक्रोश रैली निकाली गई। शिमला में कांग्रेस ने दो घंटे तक लिफ्ट के पास चक्का जाम किया।
केंद्र ने देश को महंगाई की आग में झोंका: सुक्खू
प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू ने कहा कि केंद्र सरकार ने देश को महंगाई की आग में झोंक दिया है। पीएम खुद चुप्पी साधे हैं और केंद्र सरकार चैन की नींद ले रही है। पेट्रोल 80 और डीजल के दाम 75 रुपये तक पहुंच गए हैं।
रसोई गैस सिलिंडर भी 900 रुपये का हो गया है। एक डॉलर के मुकाबले रुपये की कीमत 72 रुपये पहुंच गई है। केंद्र सरकार को नींद से जगाने के लिए कांग्रेस को भारत बंद करना पड़ा।