कांग्रेस हाईकमान ने पच्छाद और धर्मशाला विधानसभा उपचुनाव पर 10 दिन में रिपोर्ट तलब की है। एआईसीसी सचिव और पार्टी की प्रभारी रजनी पाटिल ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी बना दी है। सह प्रभारी गुरकीरत सिंह, पार्टी नेता अजय महाजन और कुलदीप पठानिया को जांच कमेटी में सदस्य बनाया गया है। हाईकमान के पास भेजी शिकायतों के बाद यह जांच बैठाई गई है।
प्रभारी रजनी पाटिल ने जांच कमेटी को निर्देश दिए हैं कि पच्छाद और धर्मशाला उप चुनाव के दौरान दोनों क्षेत्रों की ग्राउंड रिपोर्ट हाईकमान के पास किसी भी सूरत में दस दिन के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार करके भेजी जाए। विधानसभा उपचुनाव में धर्मशाला और पच्छाद में कांग्रेस को हार का मुंह देखना पड़ा था। दोनों ही विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की फौज लगा रखी थी। इसके बाद भी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा।
धर्मशाला उप चुनाव के तुरंत बाद पार्टी प्रत्याशी विजय इंद्र सिंह ने आरोप लगाया था कि धर्मशाला ब्लाक कांग्रेस कमेटी और पार्टी के कुछ नेताओं ने प्रचार में कोताही की है। इसके बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कार्रवाई करते हुए धर्मशाला ब्लाक कांग्रेस कमेटी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया था। इसी तरह से माना जा रहा है कि पच्छाद विधानसभा उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी गंगू राम मुसाफिर के प्रचार से भी कुछ नेता और कार्यकर्ता कटे रहे। इन सब पहलुओं को लेकर हाईकमान के पास लगातार शिकायतें पहुंचती रहीं।