प्रदेश कांग्रेस ने सरकार की ओर से चहेतों अफसरों को चुनाव के समय सेवा विस्तार देने पर कड़ी आपत्ति जताई है और इसे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन बताया है। कांग्रेस का कहना है कि चुनाव के समय सरकार ऐसा कोई निर्णय नहीं ले सकती।
पार्टी ने चुनाव आयोग से सरकार के ऐसे किसी भी प्रस्ताव को तुरंत निरस्त करने का आग्रह किया है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव रजनीश किमटा ने मंडी जोन के पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता के सेवा विस्तार के प्रस्ताव पर हैरानी जताई है।
वे इस माह अंत में सेवानिवृत्त हो रहे हैं। कहा कि आदर्श आचार संहिता के चलते सरकार किसी भी अधिकारी के सेवा विस्तार का अनुमोदन कैसे कर सकती है।
हिमुडा के सीईओ के सेवा विस्तार पर भी उन्होंने आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि अगर चुनाव आयोग सरकार को किसी भी प्रकार की अनुमति देता है तो कांग्रेस न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी।