कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में पंचायत चुनाव पार्टी के आधार पर नहीं लड़े जाएंगे। जिला परिषद के हर वार्ड से पार्टी उम्मीदवार खड़ा करेगी। वह कुल्लू में ब्लॉक कांग्रेस की बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अच्छे उम्मीदवार का ही चयन करें।
पार्टी आने वाले समय में और आक्रामक होगी। पार्टी सभी सांसदों से एक सवाल पूछेगी कि वो बताएं कि अपने कार्यकाल में कौन सी एक ऐसी योजना लाए, जिससे लोगों का विकास हुआ हो। धूमल अपनी हार को पचा नहीं पा रहे हैं। यही कारण है कि वह अपना संतुलन खो बैठे हैं और कहते फिर रहे हैं कि कांग्रेस के विधायक उनके संपर्क में हैं।
सीबीआई छापामारी पर उन्होंने कहा कि मामला कोर्ट में चल रहा है। छापामारी भाजपा के इशारे पर हुई है। कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के साथ खड़ी है। सुक्खू कुल्लू जिले के तीन दिन के दौरे पर पहुंचे हैं।
इस मौके पर पार्टी के प्रदेश महासचिव सुंदर सिंह ठाकुर, कुल्लू के कांग्रेस प्रभारी हरभजन सिंह भज्जी, कुल्लू विस क्षेत्र के प्रभारी दीपक शर्मा, बंजार के संजीव गुलेरिया और मीडिया प्रभारी राजेश शानू भी मौजूद रहे।