शिमला संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी कर्नल धनीराम शांडिल ने मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश्वर गोयल के समक्ष 12:40 बजे अपना नामांकन पत्र भरा।
शांडिल के कवरिंग प्रत्याशी के रूप में शिमला के अमित नंदा ने भी नामांकन पत्र भर दिया है और उनकी पत्नी नाभा की पार्षद सिमी नंदा ने प्रस्तावक के रूप में हस्ताक्षर किए हैं।
कर्नल धनी राम शांडिल के प्रस्तावक के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने नामांकन पत्र में हस्ताक्षर किए हैं।
शांडिल का नामांकन भराने के लिए कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, सह प्रभारी गुरकीरत सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और विधायक विक्रमादित्य सिंह सहित कई नेता मौजूद रहे। शांडिल परचा भरने से पहले सुबह 10:30 बजे काली बाड़ी में पूजा-अर्चना करने पहुंच गए थे।
इससे पहले पार्टी के प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में पार्टी नेता और कार्यकर्ता जमा हुए और यहां से ये लोग पार्टी के झंडे लेकर एजी चौक तक गए। एजी चौक में शिमला, सोलन और सिरमौर से आए पार्टी नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्र हुए।
इसके बाद सुबह 11:30 बजे बिना नारेबाजी करते जुलूस की शक्ल में पार्टी के लोग कर्नल धनीराम शांडिल के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी के दफ्तर की ओर चल पड़े। इस दौरान विक्रमादित्य और प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर भी शामिल हो गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी के दफ्तर में पार्टी के कुछ नेताओं को भीतर प्रवेश करने दिया गया। इसके कुछ देर बाद पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा हाथ पकड़कर पहुंचे। इनके अलावा प्रभारी रजनी पाटिल और सह प्रभारी गुरकीरत सिंह भी साथ रहे।