हिमाचल कांग्रेस प्रचार समिति के अध्यक्ष और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हाईकमान ने साफ शब्दों में कह दिया है कि भाजपा में जाने वाले लोग समय रहते कांग्रेस छोड़कर चले जाएं। भाजपा से जो नेता कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं, वह भाजपा का दरवाजा बंद करके कांग्रेस में आ जाएं। सुक्खू ने शनिवार को प्रेस सम्मेलन में दावा किया है कि भाजपा कई बड़े नेता कांग्रेस आलाकमान, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और उनके संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भाजपा के भीतर विस्फोट होने वाला है। उन्होंने साफ कहा कि अगर कांग्रेस के नेता भी भाजपा में जाना चाहते हैं तो वह भी समय पर चले जाएं।
आप के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पटियाल और शीश पाल ने थामा कांग्रेस का हाथ
शिमला। आम आदमी पार्टी हिमाचल के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष निक्का सिंह पटियाल और संगठन सचिव रहे शीश पाल सकलानी कांग्रेस में शामिल हो गए। सक्खू ने इन दोनों नेताओं को कांग्रेस का पटका पहनाकर पार्टी में शामिल किया। पटियाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की कथनी और करनी में फर्क है। पार्टी में पुराने लोगों की अनदेखी की जा रही है। आम आदमी पार्टी में अब घुटन महसूस हो रही थी।