हिमाचल प्रदेश का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र यूएस टैरिफ को लेकर असमंजस में है। अभी तक ये स्पष्ट नहीं है कि कितना टैरिफ लागू होगा। अमेरिका भारत से काफी सामान आयात करता है। अगर यह सामान टैरिफ लगने के बाद महंगा होगा तो इसका भारत की व्यापार पर असर पड़ेगा। बीबीएन से दवाएं, धागा, ऑटो मोबाइल समेत दर्जनों सामान अमेरिका निर्यात किया जाता है। बीबीएन के उद्योगपति टैरिफ को लेकर चिंतित हैं। अमेरिका से व्यापार कम होने से यूरोप और एशिया दूसरे के देशों में भी सामान निर्यात करने के रास्ते खुले हैं।
कारोबारियों में है डर
धागा कंपनी वर्धमान के अध्यक्ष और डायरेक्ट इंचार्ज आईएमजेएस सिद्धू ने कहा कि अभी अमरीकी टैरिफ को लेकर धागा उद्योग में असमंजस, पैनिक व अनिश्चतता का दौर है। सभी कारोबारी डरे हैं कि आने वाले समय में क्या होगा। 26 फीसदी टैरिफ लगाने की घोषणा अमेरिका ने की है लेकिन अभी तक स्पष्ट नहीं है कि कितना लगेगा। टैरिफ लगने से सूती वस्त्र के दामों में उछाल आएगा। यूएस के लोग इतने महंगे दाम में सामान खरीदेंगे या नहीं ये सवाल है। हालांकि टैरिफ का असर देखने को जरूर मिलेगा।