प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षा मजाक बन कर रह गई है। चार जुलाई से प्रदेश में ठप पड़ी कंप्यूटर शिक्षा को पहले तो विभाग ने शुरू करने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। अब दस महीने में कवर किए जाने वाले कंप्यूटर विषय के सिलेबस को 15 दिन में पूरा करवाने का दावा किया है। प्रदेश के शीतकालीन स्कूलों में पहली जनवरी से लेकर 15 फरवरी तक छुट्टियां रहेंगी।
16 फरवरी को स्कूल खुलेंगे। मार्च के पहले हफ्ते में दसवीं से लेकर बारहवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं शुरू होंगी। ऐसे में कंप्यूटर विषय का सिलेबस पूरा करने के लिए करीब 15 दिन ही मिलेंगे। ऐसे में सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि इतने कम दिनों में स्कूली विद्यार्थियों को किस तरह से पढ़ाया जाएगा?
उच्च शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षा पढ़ाने का जिम्मा नाइलेट कंपनी को दिया है। कंपनी के साथ विभाग ने 30 जून 2017 तक के लिए एमओयू साइन किया है। नाइलेट कंपनी ने 1134 स्कूलों में कंप्यूटर विषय पढ़ाने के लिए 1452 शिक्षकों की नियुक्ति की थी। चार जुलाई 2016 से इन शिक्षकों ने कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।