वहीं, स्वास्थ्य महकमे ने दिल्ली में एक धार्मिक कार्यक्रम से लौटे 12 लोगों के सैंपल लिए हैं। इनकी रिपोर्ट शुक्रवार शाम तक आएगी। उपायुक्त संदीप कुमार ने बताया कि 20 व्यक्तियों के टेस्ट पहले हुए थे। सभी की रिपोर्ट सामान्य है। जिले में बाहर से 910 व्यक्तियों को क्वारंटीन सेंटर में रखा है।उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि पेंशन निकालने या बैंक से संबंधित किसी अन्य कार्य में लॉकडाउन के दौरान कोई दिक्कत नहीं होगी। कर्फ्यू के दौरान बैंक सुबह 8 से 10 बजे तक खुले हैं। जिला ऊना में 142 बीसीए (बैंक कॉमर्शियल एजेंट) भी हैं।
बीसीए भी नकद लेन-देन का कार्य करते हैं। 10 बजे तक जो भी ग्राहक बैंक के अंदर होंगे, उनके कार्य किए जाएंगे। काम खत्म होने के बाद संबंधित अधिकारी उन्हें एक स्लिप देंगे, जिस पर बैंक से जाने का समय अंकित होगा। उपायुक्त ने कहा कि फसल कटाई का सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में एपीएमसी सचिव, उप निदेशक कृषि, विषय वाद विशेषज्ञ, एडीओ व उप निदेशक बागवानी खेतों में काम करने वाले मजदूरों को पास जारी करेंगे। खेतों में काम करने के लिए किसान को किसी पास की आवश्यकता नहीं है। सभी को सामाजिक दूरी को ध्यान में रखकर काम करना होगा।