देश में नोटबंदी को लेकर हुई मौतों को लेकर सर्व समाज जनहित मंच ने केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए पालमपुर थाना में शिकायत दी है। पुलिस को दी शिकायत में मंच का कहना है कि देश में नोटंबदी के चलते कई लोगों की मौतें हुई हैं। लोग आत्महत्या करने को मजबूर हुए हैं।
यह केंद्र सरकार के तुगलकी फरमानों की वजह से हुआ है। इससे देश के कई राज्यों में लोगों की जान चली गई। गरीब और निर्दोष लोगों की मौतों का कारण प्रधानमंत्री मोदी का नोटबंदी का फरमान है। लिहाजा, भारत के संविधान और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं, जो किसी भी व्यक्ति की मौत का कारण बनी हों, उनके तहत निर्दोष लोगों की हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए।
मंच के अध्यक्ष राजीव जंवाल और भुवनेश सूद का कहना है कि लोग नोटबंदी होने के कारण परेशान हो रहे हैं। इससे कई लोग आत्महत्या को मजबूर हो रहे हैं। नोटबंदी से कई लोगों की जान जा चुकी है। पुलिस इस पर कार्रवाई करे। थाना प्रभारी पालमपुर गुरबचन सिंह ने कहा कि जनहित मंच की केंद्र सरकार के खिलाफ शिकायत आई है। जांच के बाद आगामी कदम उठाया जाएगा।
अच्छे दिनों का पुतला फूंका
सर्व समाज जनहित मंच ने अध्यक्ष राजीव जंवाल और भुवनेश सूद की अगुवाई में पालमपुर में शहर में केंद्र सरकार के अच्छे दिनों का पुतला फूंककर उसका अंतिम संस्कार किया। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।