स्कूलों और कॉलेजों में छात्राओं को पेश आने वाली समस्याओं को बताने के लिए शिकायत बॉक्स लगाए जाएंगे। उच्च शिक्षा निदेशालय ने सभी प्रिंसिपलों सहित जिला उपनिदेशकों को पत्र जारी कर शिकायत बॉक्स स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। इन शिकायत बॉक्सों का प्रयोग करने के लिए छात्राओं को जागरूक करने के निर्देश भी दिए हैं। स्कूल-कॉलेज प्रिंसिपलों को नियमित आधार पर इन बॉक्सों को जांचने के लिए कहा गया है।
5185 रुपये बढ़ा विशेष शिक्षकों का मानदेय
समग्र शिक्षा के तहत नियुक्त विशेष शिक्षकों (एसएमसी/आउटसोर्स) के मानदेय में 5,185 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। समग्र शिक्षा कार्यालय ने प्रारंभिक स्तर पर नियुक्त विशेष शिक्षकों के मानदेय को 8,910 से बढ़ाकर 14,095 रुपये तथा वरिष्ठ माध्यमिक स्तर पर विशेष शिक्षकों का मानदेय 14,500 से बढ़ाकर 17,936 रुपये किया है। विशेष शिक्षकों को यह लाभ 1 अक्तूबर से दिया जाएगा। एसएमसी के तहत नियुक्त विशेष शिक्षकों को चिकित्सा अवकाश का भी प्रावधान है। इन विशेष शिक्षकों को समान वर्ष में छह दिन का चिकित्सा अवकाश दिया जाएगा। शिक्षा विभाग ने इस बाबत अधिसूचना जारी कर दी है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।