भाजयुमो ने कांग्रेस के पूर्व सीपीएस नीरज भारती के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करने की शिकायत सोलन के पुलिस अधीक्षक को सौंपी है। इसमें फेसबुक पर प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी और आरएसएस मुख्यालय पर बम गिराने को आधार बनाया गया है।
भाजयुमो केंद्रीय कांग्रेस नेतृत्व और प्रदेशाध्यक्ष से भी नीरज भारती की शिकायत करेगा और कार्रवाई की मांग की जाएगी। भाजयुमो जिलाध्यक्ष भरत साहनी ने बताया कि पूर्व सीपीएस नीरज भारती फेसबुक पर लगातार प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं।
पुलवामा हमले के बाद हुए घटनाक्रम पर उन्होंने एक के बाद एक कई पोस्टें डालीं। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री को निशाना बनाया। कुछ पोस्ट में उन्होंने आरएसएस मुख्यालय पर बम गिराने की बात कही है।
साहनी ने कहा कि ये बातें बर्दाश्त करने लायक नहीं हैं। भाजयुमो समेत प्रदेश भर के लोग इन टिप्पणियों से आहत हैं। पुलिस अधीक्षक से शिकायत की गई है। जल्द शिकायत की एक कॉपी कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को दी जाएगी।
इस दौरान भाजयुमो के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे। उधर, पुलिस अधीक्षक मधुसूदन शर्मा ने कहा कि इस संबंध में शिकायत मिली है। इसकी जांच करने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।