ट्रांसफार्मरों और अन्य तकनीकी समस्याओं का जल्द करें समाधान अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। भारी बारिश के कारण पेयजल योजनाओं में गाद आने और ट्रांसफार्मरों के खराब होने से उत्पन्न पेयजल संकट का जल्द समाधान करें। यह निर्देश विधायक हरीश जनारथा ने वीरवार को एसजेपीएनएल (जल विभाग) के यूएस क्लब कार्यालय में अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में दिए।
बैठक में शहर की मौजूदा जलापूर्ति व्यवस्था, भारी बारिश के कारण पेयजल स्रोतों में बढ़ी गाद तथा ट्रांसफार्मरों में आई खराबी से प्रभावित जलापूर्ति की स्थिति पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान हरीश जनारथा ने प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि ट्रांसफार्मरों की खराबी समेत सभी तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए ताकि प्रभावित इलाकों में जल्द से जल्द जलापूर्ति सामान्य हो सके। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में चुनौतियां बढ़ जाती हैं, लेकिन शहरवासियों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े। हरीश जनारथा ने अधिकारियों को शिमला में लागू की जा रही 24 घंटे की पेयजल व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलापूर्ति में किसी भी प्रकार की बाधा आने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और शहर के प्रत्येक क्षेत्र में नियमित एवं निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने पर जोर दिया। विधायक ने कहा कि शिमला शहरवासियों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और अधिकारियों को जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना होगा।