सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के निकाय कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) में भी लोग अब स्पीड पोस्ट और पार्सल कर सकेंगे। कॉमन सर्विस सेंटर ने डाक विभाग के साथ एक करार किया है। इसके तहत कॉमन सर्विस सेंटर डाक मित्र सेवा शुरू करेगा। योजना के तहत कॉमन सर्विस सेंटर के ग्राम स्तरीय उद्यमी अपने क्षेत्रों में स्पीड पोस्ट और रजिस्टर पार्सल की बुकिंग करेंगे। इसके लिए कॉमन सर्विस सेंटर के केंद्रीय डिजिटल सेवा पोर्टल का उपयोग किया जाएगा।
बुक किए गए स्पीड पोस्ट और पार्सल को नजदीक के डाक कार्यालय में कॉमन सर्विस सेंटर के ग्रामीण उद्यमी ही पहुंचाएंगे। इससे लोगों को स्पीड पोस्ट और पार्सल बुक कराने के लिए दूरदराज के कस्बों और शहरों में जाने की जरूरत नहीं रहेगी। वह देश भर में फैले 4.5 लाख से अधिक कॉमन सर्विस सेंटर में जाकर भी अपना पार्सल और स्पीड पोस्ट बुक करा पाएंगे।
कॉमन सर्विस सेंटर के प्रदेश प्रभारी अशोक चौहान ने बताया कि इस सेवा से मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को लाभ होगा। डाक विभाग का कारोबार भी बढ़ेगा। इससे न केवल डाक मित्र सेवा की लोकप्रियता बढ़ेगी बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में लॉजिस्टिक कारोबार में भी गति आएगी। यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूह और सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्योगों को भी गति प्रदान करेगा।