कॉमेडी किंग कपिल शर्मा छोटे पर्दे पर नई पारी की करने से पहले कांगड़ा जिला के बगलामुखी मंदिर में मां का आशीर्वाद लेने पहुंचे। बगलामुखी मंदिर में कपिल शर्मा ने करीब डेढ़ घंटे तक मां की पूजा अर्चना और हवन यज्ञ किया। बगलामुखी मंदिर के महंत रजत गिरी और अन्य पुजारियों ने कपिल शर्मा की पूजा-अर्चना और हवन यज्ञ करवाया।
कपिल शर्मा जब डिप्रेशन में थे तब उनके दोस्त लगातार बगलामुखी मंदिर में उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए हवन यज्ञ करवा रहे थे। इससे पहले करीब 4 बार बगलामुखी मंदिर में कपिल शर्मा के नाम से उनके दोस्तों ने हवन यज्ञ करवाया था। महंत रजत गिरी ने बताया कि कपिल शर्मा अपने दोस्तों के साथ मंदिर में पूजा करने के लिए पहुंचे थे।
कपिल शर्मा के बगलामुखी मंदिर में होने की भनक लगते ही सैकड़ों समर्थक उनकी एक झलक पाने के लिए पहुंच गए। कपिल के साथ समर्थकों ने फोटो और सेल्फी लीं।गौरतलब है कि कामेडी विद कपिल शर्मा शो की धुआंधार सफलता के बाद दूसरा कामेडी शो और फिरंगी फिल्म फ्लाप होने के बाद कपिल शर्मा गहरे अवसाद में चले गए थे।
इसी बीच कपिल शर्मा का एक पत्रकार के साथ विवाद का वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। इसके बाद कपिल अचानक गायब हो गए थे। उनके बारे में कई तरह की अफवाहें सोशल मीडिया में चल रही थीं।
लेकिन, शनिवार को बगलामुखी मंदिर में कपिल शर्मा बिल्कुल स्वस्थ और ऊर्जावान दिखे। कुछ दिन में अपना नया शो शुरू करने की खुशखबरी हाल ही में कपिल ने ट्विटर के जरिए अपने समर्थकों को दी थी। कपिल ने इसमें लिखा था कि अब मैं जल्द वापस आ रहा हूं।